✍️ भागीरथी यादव
कटसीरा में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर लगेगी रोक, प्रभारी सहायक आयुक्त रविशंकर यादव ने संयुक्त कार्रवाई का दिया भरोसा
कोरबा। कटघोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत कटसीरा में कथित अवैध महुआ शराब निर्माण और बिक्री का मामला अब प्रशासनिक संज्ञान में आ गया है। गांव में शराब के कारोबार से परेशान ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक वातावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर आबकारी विभाग ने भी सकारात्मक पहल करते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ग्राम पंचायत की सरपंच विमला बाई कंवर ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया है कि गांव में संचालित शासकीय हाईस्कूल तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के आसपास महुआ शराब बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, विद्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर शराब का निर्माण और बिक्री होने से गांव में बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ गया है। शराब के नशे में गाली-गलौज और विवाद की स्थिति निर्मित होने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। इसका प्रतिकूल प्रभाव विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण और गांव की सामाजिक व्यवस्था पर पड़ रहा है।
सरपंच ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से अवैध शराब का निर्माण और बिक्री जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
शिकायत पर आबकारी विभाग गंभीर, जल्द होगी संयुक्त कार्रवाई
इस मामले में प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ग्रामीणों की शिकायत पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कटसीरा में अवैध महुआ शराब निर्माण एवं बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग की इस पहल से ग्रामीणों में कार्रवाई की उम्मीद जगी है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि प्रशासनिक स्तर पर जल्द कदम उठाकर गांव को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और आबकारी विभाग से मांग की है कि विद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
