✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करना और रकम नहीं मिलने पर मारपीट करना चार युवकों को भारी पड़ गया। बांकीमोंगरा पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर 2026 को थाना बांकीमोंगरा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ देसी शराब दुकान से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट करते हुए दोनों को जमीन पर घसीटा तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 119(1) एवं 191(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बेल्ट भी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में समीर कुर्रे (19), आशीष कुमार पाटले (29), अमन कुमार कुर्रे (24) और हेमलाल कुर्रे (42), सभी निवासी मोंगरा बस्ती, बांकीमोंगरा को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
