सुशील जायसवाल
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोककला और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से 10 नवंबर 2026 को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में खंड स्तरीय करमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ऐतिहासिक मरखी माता मंदिर के समीप आयोजित इस महोत्सव में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों, लोक कलाकारों और कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और करमा गीतों से पूरा परिसर सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व तहसीलदार जी.पी. सिंह तंवर शामिल हुए। विशेष रूप से जनपद पंचायत के सीईओ खगेश निर्मलकर, परियोजना अधिकारी श्रीमती निशा कंवर, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी एस.पी. ध्रुव तथा एडीओ रामकुमार लकड़ा की उपस्थिति रही। इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचायत सचिव, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
महोत्सव में विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे लोक नृत्य दलों ने मांदर, झांझ और ढोल की थाप पर पारंपरिक करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी शानदार नृत्य शैली, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति की अनुपम झलक प्रस्तुत की। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए। इसमें ग्राम पंचायत कोनकोना की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमझर की टीम द्वितीय और चोटिया की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि करमा महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, लोककलाओं और सामाजिक एकता को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मरखी माता मंदिर के समीप आयोजित यह महोत्सव लोक संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
