*पद्मश्री जागेश्वर राम यादव का पाली में भव्य स्वागत, समाज सेवा व संगठन पर हुई विशेष चर्चा*

Loksadan। पाली / राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी जागेश्वर राम यादव का गुरुवार को पाली में गरिमामय स्वागत किया गया। उनके आगमन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पाली स्थित शिव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक संगठन पर विस्तृत चर्चा हुई। जशपुर जिले के बगीचा ब्लॉक के भितघरा गांव निवासी श्री यादव ने वर्ष 1989 से बिरहोर जनजाति के उत्थान के लिए कार्य करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने जशपुर में एक आश्रम की स्थापना कर निरक्षरता दूर करने तथा स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने हेतु कई शिविरों का आयोजन किया। 2024 में उनके अतुलनीय कार्यों को मान्यता देते हुए उन्हें पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित किया गया था, जिसे हाल ही में राष्ट्रपति भवन में उन्हें प्रदान किया गया। इस विशेष अवसर पर कौशल सिंह राज, शिव सिंह चौहान, शंकर दीवान, विजय जगत, दीपक शर्मा सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। चर्चा में समाज को संगठित करने और हिंदू समाज को जागरूक करने की दिशा में कार्य करने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।

श्री यादव की उपस्थिति से पालीवासियों को गर्व और प्रेरणा की अनुभूति हुई।