
अतुल श्रीवास्तव, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़)
मुंगेली- 13 सितंबर 2025जिला न्यायालय, तहसील न्यायालय और राजस्व न्यायालय मुंगेली में तृतीय नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक वृद्ध महिला और पुरुष पक्षकारों ने भी दीप प्रज्वलित कर आपसी सौहार्द्र और समझौते का संदेश दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला ने जानकारी दी कि जिले में 6 न्यायिक और 8 राजस्व—कुल 14 खंडपीठ बनाए गए। इनमें 20,029 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें से 16,099 प्रकरणों का सफल निपटारा किया गया। कुल ₹1,10,87,852 की अवार्ड राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान पक्षकारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। विशेष रूप से घरेलू विवादों के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया गया। 12 वर्ष पुराने वैवाहिक विवाद, भाई-बहन के बीच संपत्ति का झगड़ा और बारात में हुए विवाद जैसे प्रकरण आपसी सहमति से निपटाए गए।
यह आयोजन न्याय को सरल, त्वरित और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इससे आम जनता के न्यायिक संघर्षों में कमी आई और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला।






