पेट्रोल पंप में लगाई आग, बच्ची की मौत से था आक्रोश; गिरफ्तार……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बच्ची की मौत से था आक्रोश, पेट्रोल पंप में आग लगाने वाला गिरफ्तार

 

धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी करने के मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय जीवन निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पेट्रोल पंप के नोजल में आग लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी और फरार हो गया।

 

घटना 1 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। मामले की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पतासाजी के बाद आरोपी को पकड़ लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में गिरने के बाद एक बच्ची बाढ़ के पानी में बह गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपी पेट्रोल पंप प्रबंधन को घटना के लिए जिम्मेदार मानकर आक्रोशित था। इसी गुस्से में उसने आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल माचिस और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।