कोरबा दर्री: साहब! इन दो गड्ढों का तो कुछ कीजिए, हादसे का इंतजार क्यों?

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग पर सीसी रोड के दो स्थानों पर नुकीले गड्ढे बने परेशानी का कारण, कम बजट में हो सकता है समाधान, फिर भी जिम्मेदार विभाग मौन

 

दर्री। कोरबा से दर्री आने-जाने वाले मुख्य मार्ग पर दर्री और भवानी मंदिर के पास सीसी रोड में बने दो गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। हालांकि ये गड्ढे आकार में बहुत बड़े नहीं हैं, लेकिन इनकी बनावट नुकीली और उभरी हुई है। ऐसे में थोड़ी भी तेज रफ्तार से वाहन गुजरने पर चालक का संतुलन बिगड़ सकता है और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

इस मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहन आवागमन करते हैं। बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और अन्य राहगीर इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सड़क के इन दो स्थानों पर बनी खराब स्थिति प्रतिदिन वाहन चालकों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बन रही है।

दिन के समय वाहन चालक किसी तरह इनसे बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में ये गड्ढे आसानी से दिखाई नहीं देते। दोपहिया वाहन चालकों के साथ छोटे पहियों वाले चारपहिया वाहन चालकों को भी यहां से गुजरने में परेशानी हो रही है। कई वाहन चालक इनसे बचने के लिए रास्ता बदलकर निकलने को मजबूर हैं।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस समस्या के समाधान में कोई बड़ा बजट खर्च होने की जरूरत नहीं है। सड़क के इन दो स्थानों की मरम्मत कम लागत में आसानी से कराई जा सकती है। इसके लिए न तो लाखों रुपये की जरूरत है और न ही किसी बड़े निर्माण कार्य की।

 

संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से अपील है कि कृपया इस छोटी सी समस्या को गंभीरता से लें। अरे साहब! इन दो गड्ढों का तो कुछ कीजिए। किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों किया जाए?

 

समय रहते इनकी मरम्मत करा दी जाए, ताकि रोजाना आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिल सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।