चैतुरगढ़ घूमने निकले युवाओं की कार ट्रेलर में घुसी, युवती की मौत; 8 घायल देखें विडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

बिलासपुर। रविवार की सुबह बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में एक युवती की जान चली गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ घूमने जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भिजवाया, वहीं मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

कार को घसीटता रहा ट्रेलर, सामने आया वीडियो

 

हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। टक्कर के बाद कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गई थी, लेकिन ट्रेलर चालक को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह कार को काफी दूर तक घसीटता चला गया। घटना का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।