कोरबी, रानी अटारी और विजय वेस्ट क्षेत्र में विश्वकर्मा जयंती पर विशेष पूजा-अर्चना

 

सुशील जायसवाल

कोरबी/चोटिया। कोरबी क्षेत्र सहित एसईसीएल रानी अटारी, विजय वेस्ट, पुटी पखना, सासिन, बेतलो और रेलवे लाइन पेंड्रा रोड से दीपका विस्तारीकरण परियोजनाओं में बुधवार 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम में मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो उठा। आयोजकों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के शिल्पकार और तकनीकी ज्ञान के प्रवर्तक के रूप में पूजनीय माना जाता है।

इस अवसर पर रानी अटारी एसईसीएल के नवपदस्थ उप क्षेत्रीय प्रबंधक जे.एम. साहू एवं खान प्रबंधक बसंत कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज में सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान विश्वकर्मा की आराधना कर उद्योग, धंधे, तकनीकी, उत्खनन और निर्माण कार्यों की प्रगति हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन कार्यक्रम में कोल माइंस के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसईसीएल प्रबंधन व रेलवे कंपनी के अधिकारियों तथा ठेकेदारों ने भोग-भंडारा की व्यवस्था कर प्रसाद वितरित किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएँ दीं और भगवान विश्वकर्मा से मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।