
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार सुबह नक्सल प्रभावित नेशनल पार्क क्षेत्र के कांडलापर्ती जंगल में आईईडी ब्लास्ट हुआ। इस विस्फोट में सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जवान एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकले हुए थे, तभी भोपालपटनम थाना क्षेत्र में यह विस्फोट हुआ। घटना के बाद घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी जवानों को हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
ब्लास्ट की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बल को घटनास्थल पर भेजा गया है। साथ ही आसपास के जंगलों में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आईईडी विस्फोट किस नक्सली संगठन द्वारा लगाया गया था।
फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और घायल जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।






