
✍️ भागीरथी यादव
सक्ति// स्वास्थ्य विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में एक चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा, जिला सक्ती में पदस्थ डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल, प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी, को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने 17 अक्टूबर 2025 को डॉ. पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद वे 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस अभिरक्षा में रहे।
इसी आधार पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए डॉ. पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश 17 अक्टूबर 2025 से प्रभावशील रहेगा।
निलंबन अवधि के दौरान डॉ. पटेल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग बिलासपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें मूलभूत नियमों के अंतर्गत जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति का एक और उदाहरण माना जा रहा है।





