
रिपोर्ट – ज्ञान शंकर तिवारी, पाली
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगीराज टिकरिहा के प्रथम आगमन पर शिव की नगरी पाली में भव्य स्वागत किया गया। नगर में कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे, आतिशबाज़ी और विशाल महामाला के साथ उत्साहपूर्ण माहौल बनाया। कार्यक्रम में नगर पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राहुल योगीराज टिकरिहा ने कहा कि युवा मोर्चा सदैव संगठन की अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य करता आया है। चाहे राज्य का 25वां स्थापना दिवस हो या कोई बड़ा राजनीतिक आयोजन — युवा मोर्चा ने हमेशा दायित्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में स्नातकोत्तर छात्र तथा पूर्व प्रवक्ता के रूप में उनका अनुभव संगठन को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष के दायित्व को प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाना ही युवा मोर्चा का लक्ष्य है, चाहे वह कॉलेज के विद्यार्थी हों, स्कूल के छात्र या युवा व्यवसायी।

राहुल योगीराज ने मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन को मज़बूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता युवाओं में है। वहीं पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में युवा मोर्चा सबसे बड़ी भूमिका निभा सकता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, कॉलेज छात्र, ग्राम प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, मुकेश कौशिक, विशाल मोटवानी, दिलीप पटेल, राजा डिक्सेना, तारकेश्वर पटवा, पार्षद दीप्तिदीपक शर्मा, अनिरुद्ध जायसवाल, दीपक राजपूत, सुनील साहू, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे।






