
✍️ भागीरथी यादव
मुंगेली,
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुंगेली जिले की आबकारी टीम ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम तरकीहीड में टीम ने 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की।
जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी फूलचंद मिरी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में लिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत आबकारी विभाग या पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।






