जशपुर में अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

 

✍️ भागीरथी यादव

 

झारखंड सीमा पर चेकपोस्टों का देर रात औचक निरीक्षण

 

जशपुर।

राज्य शासन द्वारा धान संग्रहण और अवैध परिवहन पर रोक लगाने दिए गए निर्देशों के पालन में जशपुर जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर जशपुर के निर्देशानुसार जिले की सीमाओं पर निगरानी को और मजबूत किया गया है।

 

इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने जशपुर विकासखण्ड के ग्राम साईंटागर बैरियर के पास कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन JH01FW-7832 से 60 बोरी अवैध धान जप्त किया। जब्त धान और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए लोदाम थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया।

 

अवैध आवागमन पर रोक के लिए अधिकारी देर रात झारखंड सीमा से लगे विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की जांच प्रक्रिया और निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की तथा तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण दल में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर, राजस्व अमला और पटवारी शामिल थे। टीम ने बताया कि धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन को रोकने के लिए लगातार सतर्कता और निगरानी बढ़ाई जाएगी।