
✍️ भागीरथी यादव
स्थानीय पार्षद की भूमिका की चर्चा से मामला और संवेदनशील
जरहागांव थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इस जघन्य वारदात का कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है। वहीं, घटना में एक आरोपी के स्थानीय पार्षद होने की चर्चाओं ने मामले को और भी गंभीर व संवेदनशील बना दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व दिनदहाड़े युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण किया गया था। चंद घंटों बाद ही उसे उसके घर के बाहर गंभीर रूप से घायल अवस्था में फेंक दिया गया। परिजन आनन-फानन में युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने की पुष्टि होती है। पुलिस ने तत्काल शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद ली। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि इस पूरे घटनाक्रम की साजिश पहले से रची गई थी, जिसमें गिरफ्तार आरोपियों की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और पूरे मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। वहीं, कुछ अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इधर, मृतक के परिजनों ने दो दिन बाद भी न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






