✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 3 जुलाई। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम खरेंगा हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों तथा कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। साथ ही महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और यातायात नियमों के पालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का भी आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, थाना अर्जुनी के पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों और गांवों में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं में कानून के प्रति विश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
