✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको चौकी रजगामार पुलिस ने पुरानी रंजिश में रास्ता रोककर मारपीट, लूट और जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड तथा लूटी गई ₹60 हजार की नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने प्रार्थी का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे के रॉड और हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी की कार में तोड़फोड़ करने के बाद उसके पास रखे ₹60 हजार नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
मामले की शिकायत पर बालको चौकी रजगामार में अपराध क्रमांक 401/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई रकम बरामद कर जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), संदीप खाण्डे (22), गंगासागर खाण्डे (39) और अरुण खाण्डे (24), सभी निवासी रजगामार, जिला कोरबा शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
