“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बैंक कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा का पाठ

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कैश परिवहन के दौरान एसओपी का पालन, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के दिए गए निर्देश

कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के विभिन्न बैंकों के कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने सभी को कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बैंक कैश वैन की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर अपराध या अप्रिय घटना का कारण बन सकती है। इसलिए चालक एवं सुरक्षा गार्ड पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में निर्देश दिए गए कि कैश वैन निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही संचालित की जाए, बिना आवश्यकता वाहन कहीं न रोका जाए तथा कैश लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। चालक और सुरक्षा गार्डों से यात्रा के दौरान संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तत्काल डायल-112, कंट्रोल रूम या निकटतम थाना पुलिस को देने की अपील की गई।

इसके अलावा सुरक्षा उपकरणों और संचार माध्यमों को हमेशा सक्रिय रखने, हथियारों को तैयार अवस्था में रखने तथा कैश परिवहन से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से जिले में अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम एवं अभियानात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।