सदस्यता सत्यापन को लेकर एचएमएस की बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

✍️ भागीरथी यादव

 

कुसमुंडा। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) कुसमुंडा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक शनिवार शाम विकास नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा आगामी सदस्यता सत्यापन को लेकर विस्तृत चर्चा कर रणनीति तैयार की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी (कोरबा) केदारनाथ अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि राकेश श्रीवास्तव, नौशाद खान, गिरिजा साहू और आशुतोष कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सह जेसीसी एवं केंद्रीय सचिव अशोक कुमार साहू ने किया।

 

वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, श्रमिक हितों और आगामी सदस्यता सत्यापन को लेकर पदाधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने की अपील की। राकेश श्रीवास्तव ने पिछले वर्ष के सदस्यता सत्यापन के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए आगामी सत्यापन में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी को प्रेरित किया। नौशाद खान ने संगठन के प्रति समर्पण और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर जोर देते हुए श्रमिकों को श्रम कानूनों एवं उनके अधिकारों की जानकारी देने की बात कही।

 

मुख्य अतिथि केदारनाथ अग्रवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन में एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने गुटबाजी और आपसी मतभेद से दूर रहकर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही कुसमुंडा क्षेत्र में क्वार्टरों की समस्या और अवैध कब्जे जैसे मुद्दों को उठाते हुए श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से काम करने की बात कही। उन्होंने सदस्यता सत्यापन के दौरान संगठन के कार्यों, उपलब्धियों और ऐतिहासिक योगदान को कामगारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

क्षेत्रीय अध्यक्ष आर.एस. पाल ने भी संगठन में एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पद से अधिक महत्वपूर्ण संगठन के प्रति जिम्मेदारी और कार्य है। क्षेत्रीय महामंत्री अशोक कुमार साहू ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को नई पहचान दिलाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य किया जाएगा और इसका सकारात्मक परिणाम सदस्यता सत्यापन में दिखाई देगा।

 

बैठक में रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए क्षेत्रीय, परियोजना और यूनिट समितियों के पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ सदस्यता सत्यापन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष आर.एस. पाल, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक कुमार साहू, कार्यवाहक अध्यक्ष कमलेश प्रधान, जेसीसी सदस्य लक्ष्मण सिंह, कोषाध्यक्ष एल.पी. सिंह, कल्याण समिति सदस्य निरंजन सिंह व सोनू प्रताप, सुरक्षा समिति सदस्य मनीष सिंह, परियोजना अध्यक्ष रामेश्वर वैष्णव, सचिव देवेंद्र सिंह, एरिया यूनिट अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा, सचिव श्रवण कुमार, पीट सेफ्टी कमेटी सदस्य आर.के. तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

 

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं समिति सदस्यों ने यूनियन के विस्तार, सदस्यता सत्यापन को सफल बनाने और श्रमिक हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष और महामंत्री ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।