घुडदेवा बाज़ार मोड़ से चटाईनार- कटाईनार मुख्य मार्ग पर अंधेरे का खतरा, पार्षद ने स्ट्रीट लाइट मरम्मत की उठाई मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बांकीमोंगरा, कोरबा।

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा (पार्षद) ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर घुड़देवा बाज़ार मोड़ से कटाईनार मेन रोड से गजरा SECL ट्रांसफार्मर तक लाइन की स्ट्रीट लाइटों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

 

पार्षद ने अपने पत्र में बताया कि उक्त मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। विभाग द्वारा अस्थायी रूप से मरम्मत किए जाने के बाद भी कुछ ही दिनों में लाइटें फिर बंद हो जाती हैं, जिससे मार्ग पर लगातार अंधेरा बना रहता है।

 

उन्होंने कहा कि यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है और रात के समय अंधेरा होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। साथ ही, पर्याप्त रोशनी नहीं होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की संभावना भी बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

 

पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय घुड़देवा बाज़ार स्थल से कटाईनार मुख्य चौक से गजरा मोड़ तक खराब स्ट्रीट लाइट, पोल एवं आवश्यक उपकरणों का स्थायी रूप से सुधार कर शीघ्र प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

पत्र की प्रतिलिपि कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल तथा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।