ग्रामीण विकास और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
सुशील जायसवाल
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण विकास योजनाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार, 2 जुलाई को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभा कक्ष में व्हीबीजी-रामजी योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योजना के संबंध में लाइव प्रसारण के माध्यम से विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा इसके क्रियान्वयन को लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पंचायत स्तर के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, पूर्व जनपद अध्यक्ष किरण मरकाम, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ तथा क्षेत्र के विभिन्न जनपद सदस्य उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन पर जोर दिया।

अपने उद्बोधन में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह योजना गांवों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आधारभूत संरचना के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को धरातल पर उतारने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के एसडीओ जी.एन. सिंह एवं राठौर द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने योजना के तहत तैयार की जाने वाली कार्ययोजनाओं, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा आगामी तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपस्थित तकनीकी अमले और ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) को योजना के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी (पीओ) दिलीप मेहता ने योजना के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों और ग्रामीण हित में होने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और ग्राम पंचायतों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजना को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ लागू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के करारोपड अधिकारी ध्रुवे, मरावी, डीओ युगल, एडीओ, बीपीएम, प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिकारी-कर्मचारी, बीसी, एसबीएम के समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने योजना को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसके सफल क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि व्हीबीजी-रामजी योजना ग्रामीण विकास की नई इबारत लिखेगी और गांवों में रोजगार, आधारभूत सुविधाओं तथा समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी। इसके साथ ही यह योजना ‘विकसित भारत-2047’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी !
