खेत में मिला चार फीट का मगरमच्छ देखें

✍️ भागीरथी यादव

 

 

तरदा में वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा। करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम तरदा में खेत के भीतर करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। खेत में मगरमच्छ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। साथ ही नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सदस्य एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को भी जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास का जायजा लेने के बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। टीम ने ग्रामीणों को मगरमच्छ से दूरी बनाए रखने और वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देने की समझाइश दी।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र के खेतों में तीन अन्य मगरमच्छों को भी देखे जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आसपास के क्षेत्र में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। समय पर सूचना और रेस्क्यू टीम की सक्रियता से संभावित दुर्घटना टल गई।