✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दर्री से बालको मार्ग की जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार, 4 अगस्त को एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया जाएगा। यह आंदोलन रुमगढ़ा रोड स्थित राखड़ डेम के समीप पुल के पास, बालको परसाभाटा चौक क्षेत्र में किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार सुबह 10:30 बजे मेजर ध्यानचंद चौक, दर्री से बालको परसाभाटा चौक तक भारी वाहनों के आवागमन के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से चक्का जाम शुरू होगा। आंदोलन के दौरान केवल भारी वाहनों को रोका जाएगा, जबकि एंबुलेंस, राहगीरों, मोटरसाइकिलों तथा अन्य चारपहिया निजी वाहनों को निर्बाध रूप से आने-जाने दिया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से सड़क और पुल की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर अब जनहित में आंदोलन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आंदोलन में शामिल होकर सड़क और पुल की शीघ्र मरम्मत की मांग को मजबूत करने की अपील की है।
