सरपंच-उपसरपंच पर भ्रष्टाचार व साठगांठ के आरोप
पोड़ी उपरोड़ा/लाद (विशेष संवाददाता)। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत लाद के महुआपारा मोहल्ले में बारिश के दौरान बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। लगातार बारिश से कच्चा मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाने के कारण आवागमन मुश्किल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत स्तर पर कोई पहल नहीं की गई, जिसके बाद उन्होंने स्वयं चंदा और निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराई।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने पहले ग्राम पंचायत के सरपंच लाल बहादुर सिंह से सड़क मरम्मत की मांग की, लेकिन बजट नहीं होने का हवाला देकर कार्य कराने से मना कर दिया गया। इसके बाद उपसरपंच कन्हैया लाल से भी संपर्क किया गया, जहां 15वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि “जो करना है कर लो।”
ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी
पंचायत से निराश होने के बाद महुआपारा निवासी समाजसेवी श्याम प्रकाश ने स्वयं के खर्च पर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर बुलवाकर सड़क पर मुरुम और मिट्टी डलवाई, जिससे मार्ग को आवागमन योग्य बनाया गया। इस कार्य में वार्ड क्रमांक 6 के पंच शंकर सिंह तथा वार्ड क्रमांक 4 के पंच शिवनारायण सहित अन्य ग्रामीणो भी सहयोग किया।

सचिव पर लापरवाही और पंचायत पर भ्रष्टाचार के आरोप
ग्रामीणों एवं वार्ड पंचों ने पंचायत सचिव पर लापरवाही तथा शराबखोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि सचिव की निष्क्रियता का लाभ उठाकर पंचायत प्रतिनिधि मनमानी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछले कई वर्षों से गांव में विकास कार्यों के नाम पर आने वाली राशि का सही उपयोग नहीं हुआ और मूलभूत सुविधाएं आज भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही हैं।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत लाद में हुए विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने, पंचायत सचिव को तत्काल हटाने तथा पंचायत के पिछले वर्षों के आय-व्यय और सरकारी फंड की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
सरपंच ने आरोपों को बताया निराधार
सरपंच लाल बहादुर सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महुआपारा तक पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पहले ही मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण मार्ग खराब हुआ है और बारिश थमते ही मरम्मत कार्य कराया जाएगा। सरपंच ने भ्रष्टाचार और साठगांठ के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
सीईओ ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सीईओ खगेश निर्मलकर ने बताया कि ग्राम पंचायत लाद के सचिव के खिलाफ शराबखोरी और लापरवाही की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले को संज्ञान में लिया गया है तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
