मजाक बना हादसा, 10 वर्षीय मासूम की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

भाई को हंसाने के दौरान गले में गमछा कसने से गई जान, बालको के सतनाम नगर की घटना

 

कोरबा। बालको क्षेत्र के सतनाम नगर में खेल-खेल में किया गया एक मासूम मजाक दर्दनाक हादसे में बदल गया। गले में गमछा फंस जाने से दम घुटने के कारण 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान रोमा राज (10 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा की छात्रा थी। वह शंभू राज की पुत्री थी। परिवार मूल रूप से ग्राम गढ़-उपरोड़ा का निवासी है और वर्तमान में बालको के सतनाम नगर में रह रहा था।

परिजनों के अनुसार घटना के समय रोमा घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। वह अक्सर भाई को हंसाने के लिए गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर फंसाने का अभिनय करती थी। मंगलवार को भी वह इसी तरह मजाक कर रही थी, लेकिन अचानक गमछा उसके गले में कस गया और उसका दम घुटने लगा।

उस समय पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां घर में स्नान कर रही थी। बच्ची की छटपटाहट की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल फंदे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार गला कसने से समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे एक दुखद दुर्घटना बताया है। मामले में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

इस दर्दनाक हादसे से परिवार गहरे सदमे में है। मासूम की असमय मौत ने पूरे मोहल्ले को शोक में डुबो दिया है।