✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कोरबा इकाई ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर बालको प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में दर्री डैम चौक से परसाभाठा चौक तक जर्जर सड़क के निर्माण सहित कुल 9 सूत्रीय मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में कहा गया है कि दर्री डैम चौक से परसाभाठा चौक तक की सड़क की तत्काल मरम्मत कर बारिश के बाद नई सड़क का निर्माण कराया जाए। साथ ही रामपुर आईटीआई चौक से परसाभाठा चौक तक सड़क पर कथित अतिक्रमण हटाने की मांग भी की गई
एनएसयूआई ने प्लांट में कार्यरत ठेका श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी दिलाने, सीएसआर मद से 25 किलोमीटर के दायरे में जनहित कार्य कराने, स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को ओपन भर्ती के माध्यम से रोजगार देने तथा दूसरे राज्यों में स्थानांतरित किए गए श्रमिकों को वापस बुलाने की मांग भी उठाई है।
इसके अलावा स्थानीय नालों में अपशिष्ट एवं दूषित पदार्थों के बहाव पर रोक लगाने, गेट पास बंद कर ठेका श्रमिकों के कथित उत्पीड़न को समाप्त करने तथा बालको क्षेत्र की जर्जर सड़कों एवं पुल-पुलियों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग ज्ञापन में शामिल है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो संगठन पुनः उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन पर एनएसयूआई कोरबा के उपाध्यक्ष आकाश सिंह राज सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
