कोरबा: कलेक्टर का सख्त एक्शन, किसानों के काम में लापरवाही और लगातार गैरहाजिरी पर पटवारी निलंबित….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

 

कोरबा। शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और उदासीनता बरतने के मामले में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त कार्रवाई करते हुए तहसील दर्री अंतर्गत भैरोताल के पटवारी मिथलेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील अजगरबहार निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी मिथलेश वर्मा को कार्यालय कलेक्टर की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसमें भू-अभिलेख नियमावली के अनुसार दैनिक डायरी का संधारण नहीं करने, किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन एवं बकेट क्लेम डिजिटल कॉप मोबाइल ऐप में प्रविष्टि का कार्य शुरू नहीं करने, नक्शा बंटाकन और अभिलेख दुरुस्ती के कार्य लंबित रखने सहित खरीफ वर्ष 2025-26 की मैनुअल गिरदावरी से संबंधित कार्यों में लापरवाही बरतने का उल्लेख किया गया था।

 

इस संबंध में पटवारी ने 5 अक्टूबर को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन अधिकारियों ने उसे संतोषजनक नहीं पाया। इसके अलावा 13 अक्टूबर 2026 से उनके लगातार शासकीय कर्तव्यों से अनुपस्थित रहने की जानकारी भी सामने आई।

 

प्रशासन के अनुसार, पटवारी की अनुपस्थिति के कारण चक्रवात अर्नब से हुई फसल क्षति के आकलन तथा धान खरीदी से पहले किसानों की समस्याओं के निराकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए। इसे शासकीय कार्यों में व्यवधान और पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।