✍️ भागीरथी यादव
बरसात में बच्चों की पढ़ाई से लेकर राशन तक पर संकट, कोरजा नाला पर पुलिया निर्माण के लिए ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
कोरबा। विकास के दावों के बीच आज भी जिले के कई ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव लोगों की जिंदगी को मुश्किल बना रहा है। इसकी एक तस्वीर करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत बरकोन्हा के आश्रित ग्राम पतरापाली में देखने को मिल रही है। यहां कोरजा नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपने ही गांव तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। महज साढ़े तीन से चार किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को 12 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी बरसात के दिनों में होती है, जब नाला उफान पर होने से आवागमन लगभग ठप हो जाता है।
ग्रामीणों की यह परेशानी केवल रास्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर बच्चों की शिक्षा और परिवारों के रोजमर्रा के जीवन पर भी पड़ रहा है। पतरापाली के विद्यार्थी बरकोन्हा एवं नोनदरहा के विद्यालयों में पढ़ने जाते हैं। पुलिया के अभाव में बारिश के दिनों में उनके सामने स्कूल पहुंचना बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार नाला पार करना जोखिम भरा हो जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
वहीं, शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन लेने के लिए भी ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। गांव के जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन लाना भी परेशानी का कारण बन गया है। पतरापाली के भटपारा एवं अमरताल मोहल्ले के निवासी भी इसी मार्ग पर निर्भर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक पुलिया के अभाव में उन्हें हर दिन अतिरिक्त दूरी, समय और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने कलेक्टर के जनदर्शन में आवेदन सौंपकर कोरजा नाला पर शीघ्र पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से नाला स्थल का निरीक्षण एवं तकनीकी परीक्षण कराकर निर्माण की स्वीकृति देने तथा आगामी वर्षा ऋतु से पहले पुलिया का निर्माण पूरा कराने का आग्रह किया है।
पुलिया बनने तक गांव में ही मिले राशन
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण की मांग के साथ एक और महत्वपूर्ण आग्रह किया है। उनका कहना है कि जब तक पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक पतरापाली के पात्र राशनकार्डधारियों को गांव में ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब परिवारों को राशन के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बच्चों की पढ़ाई, आमजन की सुरक्षा और राशन जैसी बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि वर्षों से परेशानी झेल रहे पतरापाली के ग्रामीणों को कब तक कोरजा नाला पर पुलिया की सौगात मिल पाती है।
