✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/दर्री। कोरबा के सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र में चोरों ने सेंध लगाकर औद्योगिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। निर्माण स्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल और कटर मशीन सहित करीब एक लाख रुपये के उपकरण चोरी कर लिए गए थे। मामले में दर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए शत-प्रतिशत उपकरण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धि विनायक एसोसिएट्स फर्म में सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत सुधीर जैन ने 30 अक्टूबर को थाना दर्री में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 29 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर निर्माण स्थल में घुसे और वहां रखे कीमती औद्योगिक उपकरण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई थी।
शिकायत पर अपराध दर्ज कर दर्री पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
इन उपकरणों की हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन, एक 14 इंच की बॉश कंपनी की मशीन, दो चार इंच के प्लाई कटर और एक सात इंच का ग्राइंडर बरामद किया है। बरामद उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
दर्री पुलिस ने चोरी गए सभी उपकरणों को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी की। 1 नवंबर को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
