✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम की ओर से सुमित गुप्ता सहित होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा लाइसेंस में निर्धारित स्थान और मात्रा के अनुसार ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करें। लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद पटाखे बेचने और निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारण करने पर प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खुली आग के उपयोग पर रोक लगाने, विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखने तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने को कहा गया। अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह रखने और आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा खुला रखने के निर्देश भी दिए गए।
अग्निशमन यंत्र चलाने का दिया प्रशिक्षण
बैठक के दौरान होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान प्रदर्शन कर बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार तत्काल अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग पर काबू पाया जा सकता है।
व्यापारियों को प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने तथा केवल वैध और अधिकृत पटाखे बेचने की हिदायत दी गई। दुकानों के सामने भीड़ और वाहनों को खड़ा नहीं होने देने के साथ अन्य ज्वलनशील सामग्री का भंडारण नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों, लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी व्यापारियों से नियमों का पालन करते हुए दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
