✍️ भागीरथी यादव
130 से अधिक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप, वर्षों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का दावा
कोरबा (ईएमएस), 04 अगस्त। कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरभोका स्थित आश्रम शाला के एक शिक्षक के कथित रूप से नशे की हालत में गांव में घूमते पाए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक शाला समय के दौरान मादक पदार्थ का सेवन कर नशे में धुत्त रहते हैं, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक को नशे की हालत में देखने के बाद इसकी सूचना तत्काल ग्राम सरपंच को दी गई। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में कुछ दिन पहले ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को लिखित एवं मौखिक शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद बीईओ ने आश्रम शाला का निरीक्षण भी किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि आश्रम शाला में लगभग 130 से 135 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि यहां केवल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। आरोप है कि इनमें से दो शिक्षक अक्सर शराब के नशे में रहते हैं तथा नियमित रूप से अनुपस्थित भी रहते हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने दावा किया कि संबंधित शिक्षकों का यह रवैया पिछले 13-14 वर्षों से बना हुआ है। कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
