✍️ भागीरथी यादव
शराब में जहर मिलाकर की गई थी हत्या, कोंडागांव से पकड़कर लाई उरगा पुलिस
कोरबा। उरगा थाना पुलिस ने लगभग दो वर्षों से फरार हत्या के आरोपी जितेंद्र मसीह को कोंडागांव से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को कोंडागांव पुलिस के सहयोग से पकड़कर कोरबा लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामला थाना उरगा के अपराध क्रमांक 248/2024 से जुड़ा है। 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान विकास अग्रवाल को सुनियोजित साजिश के तहत शराब में चूहा मारने की जहरीली दवा मिलाकर पिला दी गई थी। तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक और मुख्य आरोपी वैभव भारती के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वैभव भारती ने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
घटना के बाद से फरार आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। उरगा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर कोंडागांव पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत गंभीर एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित हत्या प्रकरण में न्यायिक प्रक्रिया को गति मिली है।
