दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
✍️ भागीरथी यादव कोरबा, 10 मार्च। कोरबा में हसदेव नदी में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। दर्री थाना क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और नगरसेना की गोताखोर टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर नौशाद खान अपने तीन दोस्तों के साथ हसदेव नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने नदी में छलांग लगा दी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। युवक को बहता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन वे उसे नहीं बचा सके और किसी तरह खुद सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद दर्री थाना पुलिस और जिला प्रशासन की नगरसेना गोताखोर टीम ने नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। दो दिनों की तलाश के बाद मंगलवार को गोताखोरों को युवक का शव नदी में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मृतक नौशाद खान दर्री क्षेत्र के जय भगवान गली का निवासी था और सीएसईबी पावर प्लांट में ठेका कर्मचारी के रूप में वेल्डिंग का काम करता था। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। करीब छह माह पहले ही उसकी मां का बीमारी के कारण निधन हो गया था। युवक की मौत की खबर से परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।