
सुशील जायसवाल
कोरबी/चोटिया (पसान)।
पसान थाना अंतर्गत कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जलके (तेंदूटिकरा) में संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भैंस की लेन-देन और बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की जान लेने की नीयत से उस पर धारदार तलवार लेकर दौड़ा दिया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार 3 जनवरी 2026 की है। प्रार्थी बाबूलाल यादव (27 वर्ष), पिता प्रभु यादव, निवासी ग्राम पंचायत जलके ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई बनवारी लाल यादव लंबे समय से संपत्ति और भैंस की लेन-देन को लेकर उससे झगड़ा करता आ रहा था। शनिवार को इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि भैंस बेचने को लेकर हुए विवाद में बनवारी लाल यादव तैश में आ गया और भारी-भरकम लोहे की धारदार तलवार लेकर अपने छोटे भाई बाबूलाल को मारने की नीयत से दौड़ा दिया।
जान बचाने के लिए बाबूलाल किसी तरह मौके से भागा और गांव के कोटवार के साथ स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बनवारी लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में जमानत नहीं मिलने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।






