
✍️ भागीरथी यादव
बलरामपुर, 17 दिसम्बर 2025।
जिले में अवैध धान परिवहन पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा स्वयं रात्रिकालीन और प्रातःकालीन समय में चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परख रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने चुना पाथर चेक पोस्ट का अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, रजिस्टर संधारण, विभिन्न पंजीयों की जांच के साथ वाहनों की जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि चेक पोस्टों पर 24 घंटे सख्त निगरानी अनिवार्य है, संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए और अवैध धान परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
धान खरीदी केंद्र पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कटारा ने विकासखंड रामचंद्रपुर के दोलंगी धान खरीदी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बारदाना की उपलब्धता, धान उठाव की स्थिति और खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान विक्रय हेतु पहुंचे किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि तौल में पूर्ण पारदर्शिता, समय पर भुगतान और सुचारू उठाव शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी की जाएगी और किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी और परिवहन से जुड़ी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।






