धान खरीदी में बड़ी लापरवाही पर प्रशासन का सख्त प्रहार निलंबित देखे आदेश

✍️ भागीरथी यादव

 

पखांजूर SDM ने दो नोडल पटवारियों को किया निलंबित, मचा हड़कंप**

पखांजूर | कांकेर (छ.ग.)

धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पखांजूर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पखांजूर एसडीएम ने धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारगांव और उदनपुर धान खरीदी केंद्रों में तैनात नोडल अधिकारियों ने बिना मौके पर पहुंचे, बिना भौतिक सत्यापन किए ही धान टोकन का सत्यापन कर दिया। इतना ही नहीं, समिति में मौजूद पुराने बोरों के स्टॉक की फोटो अपलोड कर नियमों का खुला उल्लंघन किया गया।

ID दूसरों को सौंपने का गंभीर आरोप

एसडीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों ने अपनी सरकारी आईडी अन्य व्यक्तियों को दे दी थी, जिसके माध्यम से खरीदी से जुड़ी प्रविष्टियां कराई गईं। यह कृत्य सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 तथा धान खरीदी नीति 2025-26 का गंभीर उल्लंघन माना गया है।

निलंबित अधिकारी

आशीष पवार – हल्का पटवारी (ह.नं. 03, चारगांव)

चारगांव धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी

आकाश कश्यप – हल्का पटवारी (ह.नं. 06, केसेकोड़ी)

उदनपुर धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी

प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था

धान खरीदी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक नियुक्तियां की हैं—

चारगांव केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सतीश कुमार को

केसेकोड़ी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी अशोक कुमार दीपक को सौंपा गया है।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय पखांजूर (कानून-गो शाखा) निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

संदेश साफ: लापरवाही बर्दाश्त नहीं

प्रशासन की इस कार्रवाई से धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम की सख्त पहल ने साफ संदेश दे दिया है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।