शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

    पामगढ़ जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय तक युवती का दैहिक शोषण करता रहा और बाद में शादी से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने 18 फरवरी को पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान कोमल प्रसाद निवासी मानपुर, थाना फास्टरपुर जिला मुंगेली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद दोस्ती हो गई। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया और जल्द ही शादी करने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कोरबी बस स्टैंड हुआ सीसी कैमरों से लैस, यातायात विभाग हुआ सख्त

सुशील जायसवाल! कोरबी चोटिया: क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और बस स्टैंड परिसर में होने वाली अव्यवस्थाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबी बस स्टैंड को अब सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। बस स्टैंड के प्रमुख स्थानों पर कई सीसी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से पूरे परिसर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। यातायात विभाग की पहल पर किए गए इस कार्य का मुख्य उद्देश्य बस स्टैंड में होने वाली चोरी, झगड़े-विवाद, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करना है। कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस कार्रवाई भी आसानी से की जा सकेगी। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बस स्टैंड में सीसी कैमरे लगने से सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को भी अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि बस स्टैंड परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रियों और वाहन चालकों से भी नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

होली का जश्न: ग्राम कोरबी–सिरमिना में रंगों की बौछार, शांति और भाईचारे का संदेश

सुशील जायसवाल   कोरबा (कोरबी–चोटिया)। वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोरबी एवं सिरमिना सहित आसपास के गांवों में होली का पर्व इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। होलिका दहन के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। होलिका दहन के अगले दिन ग्रामीणों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर होली की शुभकामनाएं दीं। गांवों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ त्योहार का आनंद लिया। ग्रामीणों का कहना है कि होली का पर्व प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोरबी, सिरमिना, पाली, बागों, चोटिया, जलके एवं पसान क्षेत्र के लोगों ने भी होली का त्योहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस दौरान कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय कलाकारों ने होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर सामूहिक नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करते नजर आए। त्योहार के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भी गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही क्षेत्र के विकास और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं कोरबी चौकी क्षेत्र के बागों और पसान इलाके में होली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इक्का-दुक्का छोटी घटनाओं को छोड़कर कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।

विजयपुरम गेट के पास तलवार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, सरकंडा पुलिस की कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव   बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को तलवार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयपुरम गेट के पास एक व्यक्ति तलवार लेकर घूम रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति फैलने की आशंका है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कीर्ति कुमार पोर्ते बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।    

छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत में सीमा विधानी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा की गई है। अध्यक्ष अमर गिदवानी की अनुशंसा पर महासचिव जितेन्द्र बड़वानी तथा महिला विंग की अध्यक्ष भावना कुकरेजा की सहमति से सीमा विधानी को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में महापंचायत के प्रवक्ता दिनेश आठवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।   सीमा विधानी को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। तिल्दा-नेवरा में पुंज्या सिंधी पंचायत के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी ने सीमा विधानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से समाज को नई दिशा मिलेगी।   वहीं छत्तीसगढ़ सिंधी महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने भी सीमा विधानी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।   समाज के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी सीमा विधानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाæएं दी

CCTV में कैद हुआ दर्दनाक मंजर: हाथी के हमले में फड़ प्रभारी की मौत, पत्नी बाल-बाल बची

✍️ भागीरथी यादव       कोरबा। जिले के कोरकोमा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में पदस्थ फड़ प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55) की बीती रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के निवासी थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक हाथी के हमले में जहां राजेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी किसी तरह बचकर निकलने में सफल रहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया था। इसी दौरान एक हाथी अचानक उनके पास पहुंच गया और हमला कर दिया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। CCTV फुटेज में हाथी की आहट, लोगों में मची अफरा-तफरी और हमले का पूरा मंजर साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से आसपास के जंगलों में हाथियों की लगातार हलचल देखी जा रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और हाथियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है। साथ ही हाथियों की निगरानी के लिए टीम भी तैनात कर दी गई है। एक जिम्मेदार कर्मचारी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

CSPDCL के प्रबंध निदेशक एवं क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने किया जिले का दौरा

खैरागढ़–छुईखदान–गंडई// छत्तीसगढ़ राज्य पावर वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं छत्तीसगढ़ क्रेडा के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले का दौरा ग्रामीण विद्युतीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं जन-केंद्रित पहल सिद्ध हुआ। प्रदेश के सभी जिलों में पहुँचकर प्रबंध निदेशक स्वयं प्रत्येक गाँव एवं अंतिम छोर के उन क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं, जहाँ विद्युत लाइन विस्तार एवं विद्युतीकरण में समस्याएँ रही हैं। वे स्थल पर पहुँचकर वास्तविक स्थिति का जायज़ा लेते हुए प्रत्येक गाँव तक बिजली कनेक्शन एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में खैरागढ़ जिले के ग्राम ग्वालाघुंडी जो पूर्व में सौर ऊर्जा से विद्युतीकृत था, को दिनांक 22 फ़रवरी को परंपरागत स्त्रोत से विद्युतीकृत किया गया। 3 मार्च को विभागीय अमला ग्राम ग्वालाघुंडी पहुँचा तथा विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। तत्पश्चात ग्राम में विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की गई, जिससे ग्रामवासियों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण निर्मित हुआ। इसके पश्चात ग्राम पंचायत कल्लेपानी का निरीक्षण किया गया, जहाँ ग्रामीण लंबे समय से विद्युत समस्याओं का सामना कर रहे हैं। श्री कंवर ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की तथा नई विद्युत लाइन के सर्वेक्षण एवं शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सर्वे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ की जाए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों से भेंट कर उनकी समस्याओं से सीधे अवगत हुए। दौरे के दौरान कंपनी की योजनाओं के अंतर्गत खैरागढ़ जिले के पात्र हितग्राहियों को प्रबंध निदेशक व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजुला सिंह कंवर जो कि पावर कंपनी के आदर्शिनी महिला मंडल के अध्यक्षों में से एक है के द्वारा प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ संवाद में ग्रामीण विद्युतीकरण को और अधिक सशक्त एवं स्थायी बनाने हेतु सहयोगात्मक प्रयासों पर सकारात्मक चर्चा हुई। दौरे की विशेषता इसका खुला एवं संवादात्मक वातावरण रहा, जहाँ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिले के हितधारक एक मंच पर एकत्र होकर सामूहिक समाधान की दिशा में सक्रिय दिखाई दिए। यह सहभागिता उस विकास मॉडल को प्रतिबिंबित करती है, जिसमें शासन एवं जनता मिलकर क्षेत्र की सतत प्रगति एवं सशक्त विद्युतीकरण सुनिश्चित करते हैं।

रानी अटारी माइंस में SECL स्टाफ बस अनियंत्रित, बड़ा हादसा टला

सुशील जायसवाल     कोरबा, रानी अटारी। जिले के रानी अटारी विजय वेस्ट कोल माइंस में कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली SECL की स्टाफ बस बुधवार को अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। बस झाड़ियों में फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार चिरमिरी से प्रतिदिन कर्मचारियों को खदान तक लाने-ले जाने के लिए स्टाफ बस चलती है। बताया जा रहा है कि बस पिछले कुछ दिनों से निर्धारित मार्ग कोरबी और सरमा से जाने के बजाय जंगल क्षेत्र तुमा बहरा से शॉर्टकट रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर किनारे झाड़ियों में जा फंसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने परिवहन व्यवस्था की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

रेत बनी जिंदगी की आफत: अवैध उत्खनन विवाद में युवक की मौत, दो पुलिस जवान समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज

✍️ भागीरथी यादव     एमसीबी। छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर स्थित बरने नदी में रेत उत्खनन के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम पसौरी निवासी सोनू चक्रधारी की कथित मारपीट और बेलचा से सिर पर प्रहार किए जाने के बाद मौत हो गई। इस मामले में मध्यप्रदेश के दो पुलिस जवानों सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। क्या है पूरा मामला एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौरी निवासी संतोष पिता धर्मजीत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार 3 मार्च की सुबह करीब 6 बजे सोनू चक्रधारी अपने ट्रैक्टर से सूरज, गोलू, भारत, महेश, निखिल और रामनाथ सहित अन्य मजदूरों के साथ डूमरघाट (बरने नदी) रेत लेने गया था। परिजनों का कहना है कि सोनू प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रेत लेने गया था। सुबह लगभग 8 बजे मध्यप्रदेश के दरसिला चौकी से दो पुलिस जवान और एक सिविल व्यक्ति बोलेरो वाहन से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रेत परिवहन को लेकर विवाद किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पुलिस जवान ट्रैक्टर पर चढ़ गया और वाहन स्टार्ट करने की कोशिश की। विरोध करने पर सोनू की डंडे से पिटाई की गई। बेलचा से वार, मौके पर गिरा युवक बताया जा रहा है कि इसी दौरान सरपंच पति विजय मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को गांव की ओर ले जाने की बात कही। कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोप है कि पीछे से आए पुलिसकर्मियों ने सोनू पर बेलचा से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने एक पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की। वरिष्ठ अधिकारियों का मौके पर पहुंचना घटना की सूचना मिलते ही एमसीबी की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी भेजा गया है। केल्हारी पुलिस ने चौकी दरसिला, थाना जैतपुर (जिला शहडोल, मध्यप्रदेश) के पुलिस जवान नितीन शुक्ला, राजू प्रजापति एवं मधु जायसवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296, 308(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सीमा क्षेत्र में पहले भी रहा है विवाद बरने नदी, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से होकर गुजरती है, लंबे समय से रेत उत्खनन को लेकर विवादों में रही है। अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर समय-समय पर तनाव की स्थिति बनती रही है। इस घटना ने एक बार फिर सीमा क्षेत्र में प्रशासनिक समन्वय और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

होली पर्व पर बिलासपुर पुलिस अलर्ट मोड में, शहरभर में सघन सुरक्षा व्यवस्था

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारी तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहन सक्रिय रूप से गश्त कर रहे हैं। प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह-छह जवान तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी मैदान में हैं, जिनमें दो-दो जवान शामिल हैं। सभी जवान मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं और लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रात 2 बजे तक शहर के विभिन्न प्वाइंटों का निरीक्षण किया। होलिका दहन के दौरान भी पुलिस की सतर्क निगरानी बनी रही और सभी स्थानों से शांति एवं खैरियत की सूचना प्राप्त हुई। व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होली के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है— 128 आदतन निगरानी/गुंडा बदमाशों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 36 आदतन अपराधियों पर धारा 129 BNSS के तहत सदा आचरण हेतु प्रतिबंधात्मक कार्रवाई। 337 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126, 135 BNSS के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई। 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 BNSS के तहत कार्रवाई। 22 आरोपियों को धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। 64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस की अपील बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और शांति भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य खबरे

होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार
जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मिली सूचना; कोर्ट परिसर खाली कराया गया
कोरबा अग्रसेन चौक ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में भीषण आग, देखें VIDEO – मची अफरा-तफरी
अयोध्यापुरी के पार्षद व एमआईसी सदस्य बंटी सरोज शांडिल भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला मंत्री नियुक्त
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में डेनियल मंगेशकर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह