सरगुजा में सट्टा साम्राज्य का पर्दाफाश: महाराष्ट्र से गिरफ्तार हुआ कुख्यात सटोरिया आयुष उर्फ दीप सिन्हा

  सरगुजा। सरगुजा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अवैध सट्टा कारोबार के कुख्यात सरगना आयुष उर्फ दीप सिन्हा को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर सरगुजा लाया है। आरोपी बीते एक साल से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर तथा सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर पुणे के नेहरू वार्ड, शिव मंदिर रोड में दबिश देकर 32 वर्षीय आरोपी को धर दबोचा। पैनल चलाकर खिलाता था सट्टा, कई फर्जी खाते खुलवाने की कबूलनामा दो दिन की ट्रांजिट रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। आयुष उर्फ दीप सिन्हा ने ऑनलाइन पैनल के जरिए सट्टा खिलाने, अपने नाम व अन्य लोगों के नाम से कई बैंक खाते खुलवाकर उन्हें सट्टे के लेन-देन में उपयोग करने की बात स्वीकार की है। बंद घर का ताला टूटा, लाखों कैश और जेवर बरामद सरगुजा पुलिस ने आरोपी की अवैध कमाई की जांच तेज कर दी है। आरोपी के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, जहां से पुलिस ने— ₹6 लाख 45 हजार नगद सोने-चांदी के आभूषण 7 एटीएम कार्ड 1 बैंक पासबुक जमीन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी की अन्य अघोषित संपत्तियों की भी पुष्टि हुई है, जिसकी जानकारी राजस्व विभाग से जुटाई जा रही है। आने वाले समय में कुर्की की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पूरे नेटवर्क का खुलासा, 20 से ज्यादा नाम उजागर रिमांड के दौरान आरोपी ने अपने सट्टा गिरोह से जुड़े कई लोगों के नाम उजागर किए हैं। इनमें सुधीर गुप्ता, राहुल अग्रवाल, सोम गुप्ता, अम्मी गिरी, सौरभ यादव, साहिल गुप्ता, अमन करारिया, श्रीकांत अग्रवाल, राहुल कुमार सोनी, अर्जुन गुप्ता, ऋतिक मंदिलवार, नितिन यादव, अमित मिश्रा, ध्रुविल पटेल, मुकेश त्रिपाठी, सौरभ गुप्ता, अंकित गुप्ता, प्रतिक कश्यप, सत्यम केशरी और सूरज खटीक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी पहले ही गिरफ्त में हैं, जबकि शेष के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का बयान सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि “आरोपी से भारी मात्रा में नकद और आभूषण बरामद किए गए हैं। उसकी अन्य संपत्तियों और जिन लोगों के नाम उसने लिए हैं, उनकी गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” सरगुजा में सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट इस गिरफ्तारी को सरगुजा में अवैध सट्टा नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि फरार अपराधी चाहे जहां छिपें, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।  

धान खरीदी में बड़ी लापरवाही पर प्रशासन का सख्त प्रहार निलंबित देखे आदेश

✍️ भागीरथी यादव   पखांजूर SDM ने दो नोडल पटवारियों को किया निलंबित, मचा हड़कंप** पखांजूर | कांकेर (छ.ग.) धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पखांजूर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। गंभीर अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पखांजूर एसडीएम ने धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारगांव और उदनपुर धान खरीदी केंद्रों में तैनात नोडल अधिकारियों ने बिना मौके पर पहुंचे, बिना भौतिक सत्यापन किए ही धान टोकन का सत्यापन कर दिया। इतना ही नहीं, समिति में मौजूद पुराने बोरों के स्टॉक की फोटो अपलोड कर नियमों का खुला उल्लंघन किया गया। ID दूसरों को सौंपने का गंभीर आरोप एसडीएम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों ने अपनी सरकारी आईडी अन्य व्यक्तियों को दे दी थी, जिसके माध्यम से खरीदी से जुड़ी प्रविष्टियां कराई गईं। यह कृत्य सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 तथा धान खरीदी नीति 2025-26 का गंभीर उल्लंघन माना गया है। निलंबित अधिकारी आशीष पवार – हल्का पटवारी (ह.नं. 03, चारगांव) चारगांव धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी आकाश कश्यप – हल्का पटवारी (ह.नं. 06, केसेकोड़ी) उदनपुर धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था धान खरीदी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक नियुक्तियां की हैं— चारगांव केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सतीश कुमार को केसेकोड़ी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी अशोक कुमार दीपक को सौंपा गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय पखांजूर (कानून-गो शाखा) निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। संदेश साफ: लापरवाही बर्दाश्त नहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम की सख्त पहल ने साफ संदेश दे दिया है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  

तिल्दा-नेवरा में 15 दिवसीय रात्रीकालीन क्रिकेट स्पर्धा का भव्य समापन, महिला वर्ग में मुंगेली और पुरुष वर्ग में स्टार MJ ने मारी बाज़ी

तिल्दा-नेवरा। विकास मित्र मंडल द्वारा आयोजित रात्री कालीन महिला एवं पुरुष क्रिकेट स्पर्धा शानदार समापन के साथ संपन्न हुई। लगभग 15 दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में कुल ₹2 लाख की नगद इनामी राशि रखी गई थी। प्रतियोगिता में 10 महिला टीमों और 12 पुरुष टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।   महिला वर्ग : मुंगेली की टीम बनी चैंपियन   महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में मुंगेली की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पंडरभट्टा की मजबूत टीम को हराकर खिताब जीता। दर्शकों ने विजेता टीम के खेल और जज्बे की खूब सराहना की।   पुरुष वर्ग : स्टार MJ ने जीता खिताब   पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल में स्टार MJ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्लैक रीपर को हराकर चैम्पियन बने। रात्रीकालीन मैचों में खिलाड़ियों के दमदार खेल ने उत्साह चरम पर पहुंचाया।   पुरस्कार वितरण : मंत्री टंक राम वर्मा व सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल की विशेष उपस्थिति   समापन समारोह में मुख्य अतिथि माननीय मंत्री श्री टंक राम वर्मा तथा विशेष अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्री अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।   विकास सुखवानी का विशेष योगदान   विकास मित्र मंडल के संचालक विकास सुखवानी द्वारा सम्पूर्ण उपहार एवं नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयोजन समिति एवं खेल प्रेमियों ने उनके सहयोग और सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया।   15 दिनों तक चला यह क्रिकेट महोत्सव तिल्दा-नेवरा में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा का बेहतरीन⇔ प्रमाण साबित हुआ।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोरबी में सरस्वती पूजन हर्षोल्लास से संपन्न

सुशील जायसवाल   कोरबी/चोटिया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोरबी में शुक्रवार 23 जनवरी को ज्ञान, विद्या और बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती का पूजन-अर्चन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। इसके पश्चात शिक्षक सतीश कुमार चौबे द्वारा विधि-विधान से मां सरस्वती की पूजा अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर, विख्याता संतोष कुमार दिनकर, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजन उपरांत प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर द्वारा मां सरस्वती की अमर गाथा पर आधारित एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत प्रस्तुति से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षक टी.एस. शांडिल्य, शैलेंद्र प्रजापति, श्रीमती एस.के. साव, एस. जायसवाल, टी. बारमते, प्रीति कश्यप, पत्रकार सुशील जायसवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया।  

उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़ी कार्रवाई, अवैध शिकार करते 3 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

✍️ भागीरथी यादव   मैनपुर | उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। अखिल भारतीय बाघ गणना 2026 के दौरान एंटी-पोचिंग टीम ने अवैध शिकार में लिप्त तीन आरोपियों को भरमार बंदूक सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे दक्षिण उदंती (कोर क्षेत्र) के नागेश बीट में गश्त के दौरान परिसर रक्षी ने छह लोगों को अवैध रूप से भरमार बंदूक लेकर जंगल में घूमते देखा। तत्काल सूचना मिलने पर एंटी-पोचिंग टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी राजमन पिता कन्हैया यादव को मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 13 से 16 जनवरी 2026 के बीच उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अवैध शिकार के उद्देश्य से सक्रिय थे। 16 जनवरी को गोमारझरी नाला में पानी पीने आए तीन जंगली सूअरों में से एक को आरोपी गुप्ताराम ने भरमार बंदूक से गोली मारकर शिकार किया। बाद में जंगली सूअर को प्लास्टिक बोरी में भरकर कांवर के माध्यम से अपने गांव ले जाया गया और मांस का आपस में बंटवारा किया गया। 20 जनवरी 2026 को वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर गुप्ताराम को भूतबेड़ा बाजार से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके घर से भरमार बंदूक, 3.100 किलोग्राम जंगली सूअर का कच्चा मांस, भालू का पंजा, बंदूक बनाने के कलपुर्जे, लोहे के छर्रे, कुल्हाड़ी, हंसिया सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। वहीं आरोपी भादुराम के घर से खरगोश फंदा, क्लच वायर का फंदा और अन्य शिकार उपकरण बरामद किए गए। इस मामले में वन विभाग ने अज्ञात पीओआर क्रमांक 51/09 दिनांक 15.01.2026 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना अधिकारी वनपाल एवं सहायक परिक्षेत्र अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह सोनवानी द्वारा तीनों आरोपियों— गुप्ताराम पिता फरसराम (42 वर्ष), भादुराम पिता बीकोराम (40 वर्ष) और राजमन पिता कन्हैया (30 वर्ष)—को गिरफ्तार कर 22 जनवरी 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गरियाबंद के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को 13 दिन के न्यायिक रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया है। प्रकरण में शामिल उड़ीसा राज्य के तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग के साथ-साथ गरियाबंद पुलिस साइबर सेल, एंटी-पोचिंग दल और क्षेत्रीय वन अमले का सराहनीय योगदान रहा। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

धान खरीदी महापर्व में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, बालोद में दो अधिकारी निलंबित देखे आदेश

✍️ भागीरथी यादव     कलेक्टर दिव्या मिश्रा के सख्त रुख से मचा हड़कंप बालोद। छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी महापर्व के बीच किसानों को परेशान करने और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के स्पष्ट और कड़े निर्देशों के बाद जिले में दो जिम्मेदार पदों पर पदस्थ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से जिले के उपार्जन केंद्रों में हड़कंप मच गया है। किसान से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप डौंडी विकासखंड के ग्राम साल्हे में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पर एक किसान से रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार किसान केशव राम साहू अपनी निजी भूमि का 125 बोरी धान ट्रैक्टर में भरकर बालोद मंडी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में अधिकारी ने वाहन रोककर धान छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। UPI ट्रांजैक्शन से खुली पोल किसान की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित जांच कराई, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में अधिकारी के खाते में UPI के माध्यम से 15 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने के स्पष्ट साक्ष्य मिले। सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए उप संचालक कृषि ने अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सहकारी समिति प्रभारी पर भी गिरी गाज दूसरा मामला डौंडीलोहारा क्षेत्र की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, रानाखुज्जी से जुड़ा है। यहां के समिति प्रभारी हंसराज प्रजापति पर आर्थिक अनियमितता और शासन के निर्देशों की अनदेखी के आरोप सिद्ध हुए हैं। सहकारिता, खाद्य विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की संयुक्त जांच टीम ने उपार्जन केंद्र में गंभीर खामियां उजागर कीं। शासन को हो सकती थी आर्थिक क्षति जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि समिति प्रभारी द्वारा धान खरीदी योजना के नियमों का उल्लंघन किया गया, जिससे सरकारी खजाने को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका बनी। छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत प्राधिकृत अधिकारी की बैठक में निर्णय लेते हुए हंसराज प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। कलेक्टर का सख्त संदेश कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा है कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को परेशान करने, रिश्वत मांगने या किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी जारी है और दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई होगी।

छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों में कर्मचारियों के तबादले

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है। इस तबादला आदेश में सहायक ग्रेड-तीन, सहायक ग्रेड-दो, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक एंट्री ऑपरेटर, स्टेनोटाइपिस्ट और वाहन चालक स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। यह फेरबदल राज्य के कई जिलों और संभागों में किया गया है। कई जिलों में नई पदस्थापना जारी सूची के अनुसार धमतरी, दुर्ग, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायपुर, बालोद, दंतेवाड़ा, कवर्धा, राजनांदगांव, खैरागढ़, सारंगढ़, रायगढ़, बेमेतरा, जशपुर, सूरजपुर, कोरिया, कोरबा और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में कर्मचारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को संभागीय कार्यालयों एवं बीआईयू (BIU) इकाइयों में भी भेजा गया है। कार्य संतुलन और कर संग्रहण पर जोर विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह तबादला पूरी तरह से नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य कार्यालयों के बीच कार्य संतुलन बनाना और कर संग्रहण से जुड़े कार्यों में तेजी लाना है। वाणिज्यिक कर विभाग का मानना है कि इस कदम से विभागीय कार्यों की दक्षता बढ़ेगी और कर प्रशासन अधिक प्रभावी होगा। शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश स्थानांतरित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र ही अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

खड़गवां पुलिस की अनूठी पहल, गांव-गांव पहुंचा सड़क सुरक्षा का संदेश

✍️ भागीरथी यादव   नुक्कड़ नाटक और चलित थाना के माध्यम से ग्रामीणों को किया गया जागरूक चिरमिरी। सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के तहत खड़गवां पुलिस द्वारा साप्ताहिक बाजार के अवसर पर ग्राम आमाडांड में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थानीय थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और विद्यालय के छात्र-छात्राओं के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने नुक्कड़ सभा और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का संदेश सरल व प्रभावशाली तरीके से आमजन तक पहुंचाया। छात्र-छात्राओं ने अपने नाट्य प्रदर्शन के जरिए बताया कि हेलमेट पहनना सिर्फ कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा है, वहीं नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों के लिए भी घातक हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान यातायात संकेतों का पालन, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, वाहन के सभी दस्तावेज साथ रखने और नियमों के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे हेलमेट को मजबूरी नहीं, सुरक्षा की आवश्यकता समझें और दुर्घटना की स्थिति में भयमुक्त होकर घायलों की सहायता करें। इस अवसर पर ग्राम आमाडांड के पारा वार्ड क्रमांक-05 में चलित थाना का भी आयोजन किया गया। इसमें ग्राम सरपंच श्रीमती जमुनी बाई, उप सरपंच दुर्गावती, वार्ड पंच प्रेमकुंवर, राजकुमारी, विष्णु, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पुलिस स्टाफ द्वारा ग्रामीणों को यातायात जागरूकता के साथ-साथ साइबर अपराध, साइबर ठगी से बचाव, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी न बैठाने, नाबालिगों को वाहन न देने, वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी को ही वाहन चलाने देने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा बीमा, रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और नियम तोड़ने पर चालान भी काटे जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य दंड नहीं, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।

चट्टानपारा बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे पीड़ित

✍️ भागीरथी यादव   विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में तहसील का घेराव, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल बीजापुर। बीजापुर के न्यू बस स्टैंड के पीछे स्थित चट्टानपारा में 16–17 जनवरी को हुई बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ आज पीड़ित परिवारों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवारों ने विधायक विक्रम शाह मंडावी के नेतृत्व में चट्टानपारा से तहसील कार्यालय तक रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के उनके आशियानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे कई परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन जीने को मजबूर हो गए हैं। पीड़ितों ने कहा कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना अमानवीय है और यह सीधे तौर पर गरीबों के अधिकारों का हनन है। तहसील परिसर में धरने के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें चट्टानपारा से पीड़ित परिवारों को हटाने की कार्रवाई तत्काल रोकने, सभी मूलभूत सुविधाएं बहाल करने, भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई दोबारा न करने तथा प्रशासन और प्रभावित परिवारों के बीच संवाद स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने की मांग शामिल है। इस दौरान पीड़ित परिवारों ने 20 सदस्यीय प्रतिनिधि समिति गठित करने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि प्रशासन के साथ सीधी बातचीत कर समस्या का समाधान खोजा जा सके। एसडीएम ने प्रतिनिधि मंडल से वार्ता करने और मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन को देखते हुए तहसील कार्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

भरतपुर–सोनहत में रेत उत्खनन बना बड़ा मुद्दा

चुनावी वादों पर सवाल, जनता और पत्रकारों को विधायक के जवाब का इंतज़ार एमसीबी/भरतपुर–सोनहत। भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र में रेत उत्खनन एक बार फिर जनचर्चा का केंद्र बन गया है। क्षेत्र की जनता और स्थानीय पत्रकारों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को लेकर अब विधायक रेणुका सिंह से जवाब मांगा जा रहा है। चुनाव प्रचार के समय प्रत्याशी रहीं रेणुका सिंह ने तत्कालीन विधायक गुलाब कमरों पर रेत उत्खनन के मुद्दे पर केवल दिखावटी विरोध करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा की सरकार बनने पर क्षेत्र में रेत उत्खनन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। जनसभाओं और पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा था कि जनता की इच्छा सर्वोपरि होगी और यदि जनता कहेगी तो रेत से भरी गाड़ियों को मौके पर ही रोक दिया जाएगा। हालांकि, चुनाव के बाद परिस्थितियां इसके उलट दिखाई दे रही हैं। क्षेत्र में रेत उत्खनन की गतिविधियां पहले से अधिक तेज़ होने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदियों से अवैध रूप से रेत का परिवहन बेरोकटोक जारी है। इतना ही नहीं, कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के इस कारोबार से जुड़े होने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। इन हालातों में जनता सवाल उठा रही है कि क्या चुनावी वादे सिर्फ सत्ता हासिल करने तक सीमित थे? जिन मुद्दों पर पूर्व विधायक को घेरा गया था, वही हालात अब दोबारा क्यों बन रहे हैं? क्या इसे सुशासन कहा जा सकता है? क्षेत्र के नागरिकों और पत्रकारों की मांग है कि विधायक रेणुका सिंह इस विषय पर सार्वजनिक रूप से प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही यदि जनहित वास्तव में प्राथमिकता में है, तो रेत उत्खनन पर तत्काल और प्रभावी रोक लगाकर ठोस कार्रवाई की जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का सवाल पूछना स्वाभाविक है और उन सवालों का जवाब देना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य। अब देखना यह है कि विधायक इन सवालों पर कब और क्या प्रतिक्रिया देती हैं।  

अन्य खबरे

अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला
बिलासपुर में 757 किलो से अधिक गांजा सहित मादक पदार्थों का नष्टीकरण
प्रोजेक्ट धड़कन से बिलासपुर की पीहू को मिला नया जीवन
कोरबा के दर्री गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर के लिए हाहाकार, बुकिंग नंबर बंद होने से उपभोक्ता परेशान
शर्मनाक: दही मांगने के बहाने घर में घुसा शिक्षक, नाबालिग छात्रा से की छेड़खानी; छोटी बहन की बहादुरी से बचा सम्मान
दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा