कोरबा में हड़कंप: SS प्लाज़ा स्थित बालाजी स्टील में भीषण आग, धुएं से दहला इलाका

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा शहर में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब SS प्लाज़ा स्थित बालाजी स्टील में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बेहद तेजी से फैली, जिसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू किया गया। आग बुझाने के दौरान पूरा इलाका धुएं से ढक गया, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए। प्राथमिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। एहतियातन SS प्लाज़ा और आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।   राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।  

दर्री मेन रोड बना राखड़ का गलियारा, रोड में गिरे राखड़ से उड़ा ज़हर भरी धूल

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। दर्री मेन रोड पर राखड़ से भरे हाईवा वाहनों की मनमानी खुलकर सामने आ रही है। बिना ढके राखड़ लेकर चल रहे भारी वाहन चलते-चलते रोड में राखड़ गिराते जा रहे हैं, जिससे पूरा मार्ग राखड़ से पट गया है। हालात यह हैं कि दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर सड़क पर गिरे राखड़ और उड़ती धूल के बीच चलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड में गिरे राखड़ से चारों ओर धूल का गुबार बना हुआ है। इससे आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और गले की समस्याएं बढ़ रही हैं। सड़क किनारे बसे इलाकों में घर, दुकानें और खड़े वाहन राखड़ की परत से ढकते जा रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। नियमों के अनुसार राखड़ जैसे प्रदूषणकारी पदार्थों का परिवहन पूरी तरह ढककर किया जाना अनिवार्य है, लेकिन दर्री मेन रोड पर ये नियम खुलेआम तोड़े जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह समस्या लंबे समय से जारी है, इसके बावजूद परिवहन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण अमले की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बिना ढके राखड़ ले जा रहे हाईवा वाहनों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, संबंधित ठेकेदारों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और रोड में गिरे राखड़ की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कर धूल पर नियंत्रण किया जाए। दर्री मेन रोड की यह स्थिति अब प्रशासनिक उदासीनता का बड़ा उदाहरण बनती जा रही है। अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता है या फिर आमजन को यूं ही राखड़ और धूल के बीच जीवन बिताने को मजबूर होना पड़ेगा।

कोरबा पुलिस की अपील: नववर्ष का जश्न कानून के दायरे में मनाएं, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर कोरबा पुलिस ने जिलेवासियों से शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष का उत्सव कानून के दायरे में रहकर ही मनाया जाए, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या नियम उल्लंघन पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोरबा पुलिस ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर आपकी सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में पुलिस की विशेष निगरानी, चेकिंग अभियान और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। ये गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित पुलिस ने कुछ गतिविधियों को पूरी तरह प्रतिबंधित बताया है, जिनमें— सड़कों पर रुककर या सार्वजनिक स्थानों पर केक काटना व भीड़ लगाकर हुड़दंग करना चलती गाड़ी के दरवाजे, बोनट या छत पर खड़े होकर स्टंट करना शराब पीकर वाहन चलाना (ड्रिंक एंड ड्राइव) सड़क पर रेसिंग या खतरनाक स्टंट-बाइकिंग बिना अनुमति DJ या तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना गाली-गलौज, अमर्यादित व्यवहार या सार्वजनिक शांति भंग करना इनमें से किसी भी नियम का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या कानून उल्लंघन की सूचना तुरंत दें। डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम कोरबा – 9479193399 पर कॉल कर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने दो टूक कहा है कि नववर्ष का उत्सव खुशी और सौहार्द के साथ मनाएं, लेकिन कानून और नियमों की सीमा से बाहर कोई भी कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।

धरतीपुत्रों के सच्चे हितैषी बने संत रामपाल जी महाराज ‘किसान जीवन रक्षक सम्मान’ से हुए विभूषित, देशभर में गूंजा संदेश

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा/हिसार। हरियाणा की पावन भूमि पर रविवार, 28 दिसंबर 2025 को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण साक्षी बना, जब संत रामपाल जी महाराज को ‘किसान जीवन रक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। हिसार जिले के डाया गांव में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान किसानों के हित में उनके निरंतर मार्गदर्शन, समाज सुधारक विचारधारा और मानव कल्याण हेतु किए गए निःस्वार्थ प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। इस सम्मान समारोह की विशेषता यह रही कि हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र की किसान एसोसिएशन द्वारा संत रामपाल जी महाराज को यह सम्मान प्रदान किया गया, वहीं इसका सीधा प्रभाव देश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा ब्लॉक अंतर्गत ढेलवाडीह स्थित जागृति क्लब, बगदेवा कॉलोनी में इसी अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय सत्संग सेवा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूर्ण ब्रह्म परमेश्वर कबीर साहेब जी एवं उनके अवतार, जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज की कृपा से शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ हुए सत्संग में कोरबा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सत्संग के दौरान संत रामपाल जी महाराज के अमृतवचनों का सीधा लाइव प्रसारण किया गया, जिसे संगत ने अत्यंत श्रद्धा, शांति और एकाग्रता के साथ सुना। सत्संग में नशामुक्त समाज, सामाजिक कुरीतियों के त्याग, शाकाहारी जीवनशैली, सदाचार और सच्ची भक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उनके आध्यात्मिक संदेशों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान ‘किसान जीवन रक्षक सम्मान’ समारोह का भी लाइव प्रसारण जागृति भवन में किया गया। किसानों के हित में प्राकृतिक खेती, अहिंसक जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश के लिए संत रामपाल जी महाराज को सम्मानित किए जाने पर संगत ने तालियों और जयघोष के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर जिला संयोजक अजय कुर्रे, सुमिरन सिंह, गोपाल केंवट, हरवंस गवेल, गया दास, चेतन दास, संतोष एडवोकेट, बाबू दास, दिलीप बरेठ, शिवनारायण जगत, पंचराम पाटिल एवं उमाशंकर ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे सत्संग आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संत रामपाल जी महाराज का आध्यात्मिक ज्ञान आज के दौर में मानव समाज और विशेषकर किसानों के लिए अत्यंत प्रासंगिक और मार्गदर्शक है। कार्यक्रम के दौरान सेवादारों द्वारा व्यवस्था को पूरी तरह सुव्यवस्थित बनाए रखा गया। संगत ने अनुशासन, समयबद्धता और सेवा भाव का परिचय दिया। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: प्रेमी की प्रताड़ना से टूटी 17 साल की नाबालिग, जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कोरबी चौकी क्षेत्र के पाली गांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड की लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के करीब एक महीने बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। शक, ताने और रोज़ का झगड़ा बना मौत की वजह परिजनों के मुताबिक आरोपी युवक दिलराज मरकाम (20) लड़की पर लगातार शक करता था। वह आए दिन उसे बेवफा कहता, किसी और से संबंध होने का आरोप लगाता और झगड़ा करता था। इस मानसिक दबाव ने नाबालिग को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया। बाजार गई, फिर कभी वापस नहीं लौटी 27 नवंबर को नाबालिग अपने भाई-बहन के साथ गांव के बाजार गई थी। रात में घर लौटने के बाद तीनों अपने-अपने कमरे में सो गए। लेकिन अगली सुबह लड़की अपने कमरे में नहीं मिली। परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोरबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। जंगल में पेड़ से लटका मिला शव दो दिन बाद, 29 नवंबर को गांव से सटे जंगल में एक पेड़ पर नाबालिग का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से शव की पहचान कराई। इस दृश्य ने पूरे गांव को सन्न कर दिया। आखिरी बार प्रेमी के साथ देखी गई थी परिवार ने पुलिस को बताया कि लड़की के लापता होने के दौरान वह दिलराज मरकाम से मिलने गई थी। वहां दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। आरोप है कि इसी झगड़े और मानसिक यातना से आहत होकर नाबालिग ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया। जुर्म कबूल, आरोपी गिरफ्तार परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दिलराज मरकाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग से प्रेम संबंध और मानसिक उत्पीड़न की बात स्वीकार कर ली। कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गांव में आक्रोश, न्याय की मांग घटना के बाद से पाली गांव में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण नाबालिग को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि मानसिक प्रताड़ना भी किसी की जान ले सकती है, और ऐसे मामलों में समय रहते हस्तक्षेप कितना जरूरी है।

बिहार में बड़ा रेल हादसा: सीमेंट से लदी मालगाड़ी बेपटरी, हावड़ा–पटना–दिल्ली रूट ठप, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें डायवर्ट

  बिहार।  जमुई जिले में रविवार तड़के हावड़ा–पटना–दिल्ली मेन लाइन पर बड़ा रेल हादसा हो गया। सिमुलतला स्टेशन के पास सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई, जिससे रेलवे नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरकर एक-दूसरे पर चढ़ गए, जबकि कुछ डिब्बे पुल से नीचे जा गिरे। 42 डिब्बों वाली इस मालगाड़ी के केवल 23 डिब्बे ही पटरी पर रह पाए। प्रमुख रूट प्रभावित, यात्रियों की बढ़ी परेशानी हादसे के बाद हावड़ा–पटना–दिल्ली रूट पर ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त हो गया। रेलवे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट बदल दिए हैं। खासतौर पर रविवार, 28 दिसंबर 2025 को यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन जाने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। वंदे भारत एक्सप्रेस का बदला मार्ग पटना–हावड़ा के बीच चलने वाली प्रीमियम वंदे भारत एक्सप्रेस (22348/22347) का रूट भी बदल दिया गया है। सामान्य तौर पर यह ट्रेन बाढ़, मोकामा, किउल, जमुई, झाझा और जसीडीह होकर गुजरती है, लेकिन हादसे के बाद रविवार को इसे पटना–गया रूट से संचालित किया गया। रूट परिवर्तन के कारण कई स्टेशनों के यात्रियों को ट्रेन सेवा नहीं मिल सकी। कई एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें डायवर्ट रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, हादसे का असर सिर्फ वंदे भारत तक सीमित नहीं है। आज जिन प्रमुख ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, उनमें शामिल हैं— 18622 हटिया–पटना–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 13029 हावड़ा–मोकामा एक्सप्रेस पटना–धनबाद एक्सप्रेस बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस इसके अलावा दिल्ली से हावड़ा के बीच चलने वाली कई सुपरफास्ट और लंबी दूरी की ट्रेनों को पटना–गया और किउल–गया रेलखंड से डायवर्ट किया गया है। समय में बदलाव की आशंका गौरतलब है कि हावड़ा जंक्शन से नई दिल्ली के बीच कुल 21 साप्ताहिक और 4 दैनिक ट्रेनें चलती हैं। इनमें सबसे कम दूरी तय करने वाली ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस (1449 किमी) है। रूट डायवर्जन के चलते इन ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव संभव है। रेलवे की अपील रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का अपडेटेड स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। हादसे के बाद राहत और बहाली कार्य तेजी से जारी है।

बालोद में अधिवक्ता के सूने मकान पर धावा, ताले तोड़कर लाखों की चोरी — 8 लाख की रोलेक्स घड़ी भी ले उड़े चोर

  ✍️ भागीरथी यादव   बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में चोरों ने एक बार फिर सुनसान मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मंगचुवा थाना क्षेत्र के ग्राम अरजपुरी में अधिवक्ता के बंद पड़े मकान से चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और करीब 8 लाख रुपये की महंगी रोलेक्स घड़ी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार की ओर से यह शिकायत तपसी राम भांडेकर ने मंगचुवा थाना में दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता नितिन भांडेकर रायपुर में रहते हैं। जबकि उनके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य 9 दिसंबर को गुजरात और राजस्थान यात्रा पर चले गए थे। इसी दौरान मकान कई दिनों तक बंद रहा, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसी की सतर्कता से खुला मामला चोरी का खुलासा तब हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने घर का ताला टूटा हुआ देखा और तत्काल परिवार को सूचना दी। परिजनों के लौटने पर पाया गया कि मुख्य गेट सुरक्षित था, लेकिन अंदर के कमरे का ताला तोड़कर चोर घर में घुसे थे। घर के भीतर गोदरेज अलमारी खुली हुई थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे साफ था कि चोरों ने इत्मीनान से तलाशी ली। जेवर, नकदी और महंगी घड़ी गायब चोरों ने अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र (1 तोला), छोटा सोने का लॉकेट, करीब 5 ग्राम सोने के टॉप्स, चांदी की पायल, बिछिया व ऐंठी (लगभग 15 तोला), और 21 हजार रुपये नकद चुरा लिए। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 1 लाख 95 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही घर से करीब 8 लाख रुपये की महंगी रोलेक्स घड़ी भी गायब मिली। अधिवक्ता नितिन भांडेकर ने बताया कि यह रोलेक्स घड़ी उन्हें सऊदी अरब के एक क्लाइंट द्वारा उपहार में दी गई थी। सुरक्षा कारणों से उन्होंने इसे गांव स्थित घर में रख दिया था, लेकिन वहीं से घड़ी चोरी हो गई। घड़ी का बिल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे औपचारिक रूप से एफआईआर में दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू मंगचुवा थाना पुलिस ने तपसी राम भांडेकर की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और चोरी की इस बड़ी वारदात के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी गई है। घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बंद मकानों की निगरानी को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता देखी जा रही है।

जशपुर में शिक्षक के घर देर रात लूट, चाकू से हमला कर जेवर व मोबाइल ले उड़े नकाबपोश

✍️ भागीरथी यादव   जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के फुलैता चौक स्थित करमीटीकरा मोहल्ले में देर रात एक शिक्षक के घर सशस्त्र लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को आतंकित कर घर में घुसपैठ की और चाकू के बल पर लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 12.00 से 12.30 बजे के बीच की है। पीड़ित शिक्षक गुलाब सिंह जगत अपने निजी मकान में पत्नी और दो बच्चों के साथ सो रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर जबरन घर में प्रवेश किया। घर में घुसते ही बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। जब शिक्षक और उनके परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक सहित परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। लुटेरे घर से एक मंगलसूत्र, सोने की टॉप्स और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात में तीन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को भी जांच में शामिल कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, वहीं संभावित भागने के मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। इस संबंध में एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि करमीटीकरा क्षेत्र में शिक्षक के घर लूट की गंभीर घटना हुई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध दर्ज किया गया है। घटना में घायल लोगों का इलाज कराया गया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

नवा रायपुर छात्र मौत मामला: छत से कूदने को मजबूर हुआ विदेशी छात्र, तीन साथी छात्र गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव    नवा रायपुर। थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-16 स्थित 4 मंजिला ईडब्ल्यूएस भवन से गिरकर हुई विदेशी छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विदेशी छात्रों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि विवाद और पीछा किए जाने के डर से मृतक ने छत से छलांग लगाई थी। मृतक की पहचान निजी यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत दक्षिण सूडान निवासी सैमपुर जुदे के रूप में हुई है। यह घटना 22 दिसंबर 2025 की शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सैमपुर जुदे शाम करीब 7:10 बजे अपने एक मित्र के साथ सेक्टर-16 स्थित ईडब्ल्यूएस भवन के पास खड़ा था। इसी दौरान उसी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले तीन अन्य विदेशी छात्र—नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन—वहां पहुंचे और मृतक पर अपने एक साथी की महिला मित्र से बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि तीनों छात्रों ने सैमपुर जुदे के साथ मारपीट करने का प्रयास किया, जिससे वह घबरा गया। जान बचाने के लिए वह अपने किराए के मकान की सीढ़ियों से होते हुए छत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंच गए। भय और दबाव की स्थिति में आकर सैमपुर जुदे ने छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे कंक्रीट सड़क पर गिरने से उसके सिर, मुंह और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। साथी छात्र उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मंदिर हसौद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 एवं 3(5) के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी अफ्रीकी देश दक्षिण सूडान के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद निजी यूनिवर्सिटी और नवा रायपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका, छात्रों के बीच विवाद की पृष्ठभूमि और कैंपस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बीजापुर में नक्सली आतंक: पामेड़ के एर्रापल्ली में युवक की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत

  बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा एक बार फिर सामने आई है। पामेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम एर्रापल्ली में बीती रात नक्सलियों ने एक 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान पूनेम बुधरा, पिता जोगा, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नक्सलियों को उस पर पुलिस मुखबिरी का शक था, इसी संदेह के चलते उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना 26 दिसंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दो अज्ञात हमलावर युवक के घर में घुसे, उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस खौफनाक घटना से घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण दहशत में आ गए। बताया जा रहा है कि पूनेम बुधरा पहले नक्सली गतिविधियों से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में उसने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का रास्ता अपनाया था और कुछ समय से अपने गांव में ही रह रहा था। इसी वजह से नक्सलियों को उस पर पुलिस मुखबिरी का संदेह था। हालांकि, इस संबंध में अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हत्या की सूचना मिलते ही पामेड़ थाना पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत गांव के लिए रवाना हुए। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में नक्सलियों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीण सहमे हुए हैं और नक्सली हिंसा को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी। लगातार बढ़ रही हैं नक्सली वारदातें गौरतलब है कि पामेड़ क्षेत्र में हाल के दिनों में नक्सली घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 7 दिसंबर को सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार इम्तियाज अली और उनके एक सहयोगी को नक्सलियों ने अगवा कर लिया था। जंगल की ओर ले जाते समय ठेकेदार का साथी किसी तरह भागकर नजदीकी सुरक्षा कैंप पहुंचा और घटना की सूचना दी थी। इसके बाद बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अगले दिन सुबह जंगल से ठेकेदार इम्तियाज अली का शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर पामेड़ एरिया कमेटी की ओर से जारी एक पर्चा भी मिला था, जिसमें सड़क निर्माण कार्य का विरोध दर्ज किया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से पामेड़ और आसपास के इलाकों में नक्सली दहशत एक बार फिर गहराती नजर आ रही है।

अन्य खबरे

बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना
भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
कटघोरा–पेंड्रा रोड की जर्जर सड़क से लोग परेशान, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला