SP सूरज सिंह परिहार की बड़ी पहल : अपराध रोकथाम के लिए गांव-गांव पहुंची धमतरी पुलिस, संदिग्धों पर निगरानी और साइबर सुरक्षा को लेकर चला महाअभियान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जनप्रतिनिधि, कोटवार और ग्रामीण बने पुलिस के सहयोगी, सूचना देने वालों को किया जाएगा सम्मानित

धमतरी।

जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जनसहभागिता आधारित बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जनजागरूकता और सघन निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है।


एसपी द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा गांव-गांव में ग्राम प्रमुखों, सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम कोटवारों, पटेलों और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने की रणनीति बनाई जा रही है।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि गांव में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों, किराएदारों और अनजान लोगों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं तथा उनकी मुसाफिरी अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना या चौकी को देने की बात कही गई है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि जिन नागरिकों की सूचना से अपराधों पर रोक लगेगी या अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, ऐसे जागरूक नागरिकों को उचित मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।

बैठकों के दौरान मंदिर परिसरों की सुरक्षा, रात्रि गश्त, सूचना तंत्र को मजबूत करने और सामुदायिक सतर्कता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक, APK फाइल डाउनलोड करने और संदिग्ध कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही नशा मुक्ति अभियान, यातायात नियमों का पालन और मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं करने को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।