बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी माओवादी ढेर

Oplus_16908288

बीजापुर 

✍️ भागीरथी यादव

 

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना भैरमगढ़ अंतर्गत इन्द्रावती क्षेत्र के आदवाड़ा–कोटमेटा जंगलों में हुई मुठभेड़ में एक इनामी माओवादी को मार गिराया गया है। मुठभेड़ स्थल से माओवादी का शव बरामद हुआ है, जिसकी शिनाख्त एसीएम फगनू माड़वी के रूप में हुई है। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के बाद डीआरजी बीजापुर की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।

 

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने मौके से 303 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस, विस्फोटक सामग्री, स्कैनर सेट, रेडियो, मेडिकल किट और माओवादी साहित्य बरामद किया है।

 

मारे गए माओवादी का विवरण

 

नाम: फगनू माड़वी

पद: एसीएम, भैरमगढ़ एरिया कमेटी

उम्र: 35 वर्ष

निवासी: गोरना थाना क्षेत्र, बीजापुर

इनाम: 5 लाख रुपये

बरामद हथियार व सामग्री

 

303 रायफल (01 मैग्जीन, 03 राउंड)

9mm पिस्टल (01 मैग्जीन, 09 राउंड)

02 स्कैनर सेट

रेडियो, मेडिकल किट, कार्डेक्स वायर

माओवादी पिट्ठू, पिस्टल पाउच, माओवादी पर्चे

आईजी की अपील

 

बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी ने कहा कि वर्ष 2025 में सुरक्षाबलों की लगातार प्रभावी कार्रवाई से माओवादी संगठन की कमर टूट चुकी है। अब उनकी हिंसा और दहशत फैलाने की कोशिशें बेअसर हो गई हैं। उन्होंने सक्रिय माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति अपनाने की अपील की है।

 

यह मुठभेड़ बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन की दिशा में सुरक्षाबलों की एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।