बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए की ऐतिहासिक जीत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को किया नमन

✍️ भागीरथी यादव

 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को प्रचंड बहुमत मिला है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की सम्मानित जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा:

“बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति अपना विश्वास जताया है। इसके लिए सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। प्रधानमंत्री मोदी जी को उनके सहयोग के लिए कृतज्ञता प्रकट करता हूं।”

 

उन्होंने आगे एनडीए के सहयोगी दलों—चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा—को भी धन्यवाद दिया और कहा कि गठबंधन की एकजुटता ही इतनी बड़ी जीत का कारण बनी।

“आप सभी के सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।”

 

 

 

एनडीए की जीत पर चिराग पासवान का बयान

 

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास के लिए एनडीए पर भरोसा जताया है।

“बिहार की जनता द्वारा दिए गए प्रचंड जनादेश के लिए मैं हृदय से धन्यवाद और बधाई देता हूं। अगले पांच साल में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को नई विकास गति देंगे।”

 

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जनादेश उन सभी सवालों का जवाब है, जो एनडीए की कार्यकुशलता, मुख्यमंत्री के नेतृत्व और बिहार की प्राथमिकता को लेकर उठाए जाते थे।

 

 

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने विजय पर दी शुभकामनाएं

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने भी एनडीए की जीत को ऐतिहासिक बताया।

उन्होंने लिखा:

“बिहार की जनता का एनडीए को मिला ऐतिहासिक जनादेश हर्ष का विषय है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार का सुशासन और विकास नई गति से आगे बढ़ेगा।”