
✍️ भागीरथी यादव
सूरजपुर। जिसे जन्म-जन्मांतर का पवित्र बंधन कहा जाता है, उसे अवैध संबंधों और शक की आग ने राख कर दिया। सूरजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक युवक ने अपनी ही मामी (जो उसकी प्रेमिका भी थी) की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
विवाद की जड़: अवैध संबंध और सोशल मीडिया का शक
घटना की पृष्ठभूमि 9 साल पहले शुरू हुई थी, जब मृतका पिंकी सोलंकी की शादी शिवदास से हुई थी। जीवन सही चल रहा था, लेकिन जब शिवदास का भांजा हेमंत उनके साथ रहने आया, तो पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। यह रिश्ता इतना गहरा हुआ कि पिंकी अपने पति और बेटी को छोड़कर हेमंत के साथ रहने लगी।
लेकिन, इस अवैध रिश्ते में ‘शक’ ने जहर घोल दिया। बताया जा रहा है कि पिंकी की सोशल मीडिया सक्रियता हेमंत को पसंद नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, जिसके बाद हेमंत ने पिंकी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया।
पिकनिक के बहाने ले गया और जंगल में उतारा मौत के घाट
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या की पटकथा 29 जनवरी को हेमंत के जन्मदिन पर लिखी गई:
पार्टी का झांसा: हेमंत पिंकी को जन्मदिन मनाने के बहाने पहले एक होटल ले गया।
नशे का सहारा: वहां दोनों ने साथ में शराब पी, ताकि पिंकी बेसुध हो जाए।
वारदात: इसके बाद हेमंत उसे पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट के घने जंगलों में ले गया।
नृशंस हत्या: सुनसान जगह पाकर हेमंत ने चाकू से पिंकी पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
जयनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।






