गौरवपथ पर दर्दनाक सड़क हादसा, पिता-पुत्र की मौत, दो बच्चियां घायल

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कांकेर – शनिवार को शहर के गौरवपथ पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। पंडरीपानी के पास तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे पिता और उनके छोटे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश मंडावी अपनी बाइक से तीन बच्चों के साथ जा रहे थे। जैसे ही वे बाईपास क्षेत्र में अंग्रेजी शराब दुकान के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस दुर्घटना में मुकेश मंडावी और उनके बेटे खिलेश की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं घायल बच्चियों लीशा मंडावी और दुर्गेश्वरी मंडावी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद शहर में लोगों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के अंदर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और गति सीमा में ही वाहन चलाने की अपील की है।