पड़ोस की महिला ने ही घर को बनाया निशाना, पेटी तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी; पति समेत दो साथी भी गिरफ्तार…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

पड़ोस की महिला ने ही घर को बनाया निशाना, पेटी तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी; पति समेत दो साथी भी गिरफ्तार

 

घर में बेरोकटोक था आना-जाना, जेवर रखने की जगह जानती थी महिला; पुलिस ने करीब 10 लाख की संपत्ति की बरामद

 

दुर्ग/पाटन। घर की सुरक्षा के लिए दरवाजे पर ताला लगाना काफी नहीं, जब भरोसे के दायरे में ही सेंध लगाने वाला मौजूद हो। दुर्ग जिले के पाटन में चोरी का ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक पड़ोस में रहने वाली महिला ने घर में अपने नियमित आने-जाने का फायदा उठाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।

 

मामले की शुरुआत दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी निवासी कल्याणी देवांगन (46) की शिकायत से हुई। उन्होंने 17 नवंबर को पाटन थाने पहुंचकर घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ मिला। जब पेटी की जांच की गई तो उसमें सुरक्षित रखे उनके साथ उनकी मां और बहन के पुराने सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी गायब थे।

 

घर की जानकारी ही बनी चोरी का रास्ता

 

शिकायत मिलते ही पाटन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का संदेह पड़ोस में रहने वाली ज्योतिका सिंह (24) पर पहुंचा। उसका शिकायतकर्ता के घर नियमित आना-जाना था और उसे घर के भीतर की व्यवस्था के साथ आभूषण रखने की जगह की भी पूरी जानकारी थी।

 

पुलिस पूछताछ में ज्योतिका ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने परिचित लव कुमार साहू (25) के कहने पर ब्याज के जरिए कमाई करने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। घर की जानकारी होने के कारण उसने मौका पाकर पेटी का ताला और कुंदा तोड़ा और उसमें रखे जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गई।

 

चोरी के जेवर बेचकर बांटी रकम

 

पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद ज्योतिका ने कुछ आभूषण ज्वेलर्स की दुकान पर बेच दिए और उसके बदले नकदी हासिल की। चोरी से मिले जेवर और रकम उसने अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25) तथा परिचित लव कुमार साहू को भी दिए। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद की।

 

मोबाइल, बाइक से लेकर सोने-चांदी तक जब्त

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान जब्त किया। ज्योतिका के कब्जे से एक्टिवा, वनप्लस मोबाइल, सोने के झुमके, ईयरिंग, गेहूं दाना, गोला दाना, टॉप्स, लॉकेट और 13 हजार रुपए नकद बरामद हुए। इनकी कीमत 2 लाख 95 हजार 600 रुपए आंकी गई है।

 

वहीं मयूर उर्फ आकाश के पास से एक बाइक, रेडमी मोबाइल, चांदी की चेन और 6 हजार रुपए नकद मिले, जिनकी कीमत 89 हजार 500 रुपए बताई गई है। तीसरे आरोपी लव कुमार साहू के कब्जे से सोने के टॉप्स, वनप्लस मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, दो चांदी के लॉकेट और 7 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कीमत 67 हजार 260 रुपए बताई गई है।

 

संयुक्त टीम की कार्रवाई, तीनों आरोपी जेल भेजे गए

 

पाटन थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर चोरी का खुलासा किया। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।