हथौड़े से बहन पर हमला करने वाला भाई गिरफ्तार, कोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। थाना कोनी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक भाई ने अपनी ही बहन पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। कोनी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मानेश्वर मनहर (33 वर्ष), निवासी आनंद मार्ग स्कूल के पास, कोनी, ने 24 मार्च 2026 की रात अपनी बहन कु. मिनेश्वरी मनहर पर हमला किया। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने देव नगर स्थित घर में अकेली थी, तभी रात करीब 10-11 बजे आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पैसे की मांग करने लगा।

पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने पहले पीड़िता के बाल पकड़कर उसे बाहर खींचा और फिर पास में रखे हथौड़े से सिर, हाथ और पीठ पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से पीड़िता बेहोश हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।