NH-130 पर खड़ी लावारिस सिलेंडर गाड़ी बनी ‘डेथ ट्रैप’, चोरों ने पार किए टायर; बड़ी दुर्घटना का अंदेशा

सुशील जायसवाल   पोड़ी उपरोड़ा (बागो): कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर ग्राम बंजारी में पिछले तीन महीनों से खड़ी एक लावारिस गैस सिलेंडर वाहन बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है। हैरानी की बात यह है कि व्यस्ततम मार्ग और रिहायशी इलाका होने के बावजूद बेखौफ चोरों ने ईंटों के सहारे गाड़ी को खड़ा कर उसके चार कीमती टायर और बैटरी पार कर दिए हैं। तीन माह से मालिक लापता, चोरों की मौज जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक MP 13 GA 7131 तीन महीने पहले तकनीकी खराबी के कारण अमित जायसवाल के घर के सामने खड़ा किया गया था। तब से चालक फरार है। स्थानीय निवासी अमित जायसवाल ने बताया कि उन्होंने वाहन पर लिखे नंबरों के जरिए मालिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। नतीजा यह है कि अब धीरे-धीरे चोर गाड़ी के कीमती कलपुर्जे गायब कर रहे हैं। पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल हाइवे जैसे व्यस्त मार्ग पर, जहाँ पुलिस पेट्रोलिंग का दावा किया जाता है, वहाँ चोरों ने बड़े इत्मीनान से टायर और बैटरी चोरी कर ली। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। दुर्घटना का हॉटस्पॉट बना स्थल जहाँ यह सिलेंडर वाहन खड़ा है, वहीं पास में: स्कूल और पेट्रोल पंप: बच्चों और लोगों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। ब्लाइंड स्पॉट: पेट्रोल पंप से मुख्य मार्ग पर आने वाले वाहन चालकों को सामने से आने वाली गाड़ियां दिखाई नहीं देतीं। सकरी सड़क: लावारिस खड़े वाहन के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे कभी भी बड़ी भिड़ंत हो सकती है। प्रशासन की चुप्पी चिंताजनक लाखों के माल की चोरी और संभावित सड़क हादसे के बावजूद एनएच कंपनी (NHAI) और स्थानीय पुलिस ने अब तक सुध नहीं ली है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस वाहन को तत्काल मार्ग से हटाया जाए और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए, वरना किसी भी दिन यहाँ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।  

ग्राम घोसरा में गणतंत्र दिवस की धूम: सरपंच श्रीमती शाम बाई ने किया ध्वजारोहण

सुशील जायसवाल     कोरबी-चोटिया (पोड़ी उपरोड़ा): देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत घोसरा में देशभक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शाला, प्राथमिक शाला और आकाश पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ तिरंगा फहराया गया। मुख्य समारोह और ध्वजारोहण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत की महिला सरपंच श्रीमती शाम बाई बिंझवार के कर-कमलों द्वारा किया गया। उन्होंने माँ सरस्वती, भारत माता और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। इसके पश्चात, गरिमामयी उपस्थिति के बीच ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। गणमान्य जनों की उपस्थिति इस गौरवशाली अवसर पर पंचायत और विद्यालय परिवार के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे: श्री मनोहर सिंह बिंझवार (सरपंच प्रतिनिधि) श्री सुंदरलाल (उपसरपंच, घोसरा) श्री ईश्वर सिंह बिंझवार श्री लक्ष्मण सिंह आयम (पंचायत सचिव) देशभक्ति से सराबोर रहा माहौल विद्यालय के समस्त शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में उपस्थित पालक गणों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने गणतंत्र के महत्व और बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने इस राष्ट्रीय पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया। “शिक्षा और अनुशासन ही समाज की उन्नति का आधार हैं।” – इस संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ।  

कोरबा नगर सेना में कोहराम: बर्खास्त जवान ने कलेक्टोरेट में खाया जहर, सुसाइड नोट में अफसरों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। न्याय की आस में कलेक्टोरेट पहुंचे एक नगर सेना के जवान द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की घटना ने पूरे प्रशासनिक महकमे को हिलाकर रख दिया है। सेवा से निकाले जाने से आहत जवान संतोष पटेल ने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। वर्तमान में जवान की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप: घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट ने विभाग के भीतर चल रही तानाशाही की पोल खोल दी है। संतोष पटेल ने अपने पत्र में डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के सीधे आरोप लगाए हैं। इस खुलासे के बाद विभाग के अन्य जवानों का गुस्सा फूट पड़ा है। सड़कों पर उतरे साथी जवान: जवान की इस स्थिति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ साथी सैनिकों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर सेना कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे जवानों की दो टूक मांग है कि जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और पीड़ित जवान को ससम्मान बहाल किया जाए।  

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के आंदोलन का असर

ज्ञान शंकर तिवारी     दीपका–डूमरकछार मार्ग की जर्जर सड़क व पुलों की मरम्मत शुरू   कोरबा। दीपका से डूमरकछार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क और जर्जर पुलों को लेकर लंबे समय से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त था। अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जनआंदोलन और लगातार जनदबाव के बाद प्रशासन ने इस मार्ग पर सड़क एवं पुलों के मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है। मरम्मत कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। भीमसेनिया जंगल के पास तथा डूमरकछार से पहले सड़क का बड़ा हिस्सा बीच से पूरी तरह उखड़ चुका था। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उभरी हुई सतह और असंतुलित लेवल के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। वहीं रैनपुर और धौराभांटा के पास स्थित पुलों की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि भारी वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों की जान भी जोखिम में थी। इन गंभीर समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित करती रही। इसी कड़ी में प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन के नेतृत्व में 19 जनवरी 2026 को एकदिवसीय महापंचायत, धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम का आयोजन किया गया। इस आंदोलन को जिला सरपंच संघ सहित विभिन्न सरपंच संघों का पूर्ण समर्थन मिला, जिससे यह आंदोलन व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सका। प्रदेश प्रवक्ता ईश्वर अर्मेक्शन ने कहा कि दीपका–डूमरकछार मार्ग की बदहाल सड़क और जर्जर पुल जनता की जान के साथ सीधा खिलवाड़ थे। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह आंदोलन किया। मरम्मत कार्य की शुरुआत इस बात का प्रमाण है कि संगठित, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष से ही जनसमस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आने वाले समय में भी जल, जंगल, ज़मीन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। यदि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बरती गई, तो पार्टी भविष्य में और भी व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में संतोष और उम्मीद का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हुआ, तो वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में देशभक्ति का सैलाब, जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा

सुशील जायसवाल   कोरबी, सिरमिना, सिमगा, पाली सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस पोड़ी उपरोड़ा (कोरबी चोटिया)। राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी – 77वां गणतंत्र दिवस पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के कोरबी चोटिया, पाली, सिरमिना, सिमगा सहित दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में उत्साह, गौरव और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शासकीय विद्यालयों, पंचायत कार्यालयों, पुलिस चौकियों एवं सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण कर गणतंत्र की गरिमा को नमन किया गया। कोरबी चोटिया में भव्य आयोजन कोरबी ग्राम पंचायत में सरपंच राजू राम मरावी द्वारा पंचायत कार्यालय, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। पुलिस चौकी में प्रातः 7:30 बजे चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें “जय हिंद” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल एवं आत्मानंद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीजे की मधुर धुनों पर लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, भाषण एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पालक, ग्रामीणजन एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर, शिक्षकगण एवं स्टाफ के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया तथा सरपंच राजू राम मरावी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को ₹2000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। सिरमिना, सिमगा और लाद में भी दिखा उत्साह जिले के सीमावर्ती ग्राम सिरमिना स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी आत्मानंद विद्यालय में प्राचार्य राजकुमार ओगरे ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती कैलाश श्याम, संस्था अध्यक्ष कमला पेद्रो, शिक्षकगण, पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सिमगा हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सरपंच श्रीमती गायत्री आयम ने प्राथमिक शाला सरपता के शिक्षकों को ₹1250 सम्मान राशि प्रदान की। हाईस्कूल लाद में प्राचार्य जे.एल. जगत ने पूजा-अर्चना के साथ तिरंगा फहराया। विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में सरपंच लाल बहादुर सिंह, उपसरपंच कन्हैया लाल कुर्रे सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। सहकारी समितियों में भी मनाया गया गणतंत्र दिवस कोरबी, सिरमिना एवं कुल्हरिया स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कार्यालयों में समिति पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया। कार्यक्रमों में समिति सदस्य, किसान, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। पाली में शान से फहराया तिरंगा ग्राम पंचायत पाली के हाईस्कूल में प्राचार्या शकुंतला सारथी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सरपंच सुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य गंगाराम कुर्रे, पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।  

प्रेम नगर आंगनबाड़ी में गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति की गूंज

    कोरबा। दर्री क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय ध्वजारोहण से हुई, जिसे वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद सुनील पटेल ने संपन्न किया। कार्यक्रम में टी.एस. बाबा फैन क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार कौशिक की विशेष उपस्थिति रही। उनकी सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और वातावरण को भावनात्मक बना दिया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्षद पटेल ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा से ही संभव है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ किया गया।

कोरबा : गणतंत्र दिवस पर पंचायत भवन में उल्टा फहराया गया तिरंगा, ग्रामीणों में आक्रोश

सुशील जायसवाल   पोड़ी उपरोड़ा | 26 जनवरी जहां एक ओर पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहा था, वहीं कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत भवन में ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा झंडा उल्टा फहराया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा के सरपंच मटुक लाल ओडे द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सरपंच दिनभर तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल थे। इसी दौरान पंचायत भवन में राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहरा दिया गया, जो लगभग दो से तीन घंटे तक उसी स्थिति में रहा। जानकारी मिलने पर सुधारा गया झंडा बताया गया कि ध्वजारोहण के समय पंचायत सचिव मोहन कौशिक मौके पर उपस्थित नहीं थे। झंडा लगाने की जिम्मेदारी एक कर्मचारी संतोष कुमार को दी गई थी, जिनकी जानकारी के अभाव में तिरंगा उल्टा लगा दिया गया। उसी अवस्था में सरपंच द्वारा ध्वजारोहण भी कर दिया गया। बाद में जब ग्रामीणों एवं पंचों द्वारा इस गंभीर त्रुटि की जानकारी दी गई, तब सरपंच ने स्वयं झंडे को सही करवाया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बताया राष्ट्रध्वज का अपमान इस घटना को लेकर ग्रामवासियों में तीव्र रोष व्याप्त है। ग्राम पंचायत दम्हामुड़ा निवासी एवं गो.ग.पा. के युवा नेता कांति कुमार ने कहा कि “राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा फहराना घोर लापरवाही ही नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज का अपमान है। यह मामला अत्यंत गंभीर श्रेणी में आता है।” वहीं स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता अरविंद राज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि “ऐसे गैर-जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के खिलाफ शासन को तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। इतनी बड़ी चूक अक्षम्य है।” जांच और कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने एक स्वर में इस पूरे मामले की शासन स्तर पर जांच कराए जाने और संबंधित सरपंच के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।

दर्री प्रेस क्लब में धूमधाम के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

✍️ भागीरथी यादव     दर्री : 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर दर्री प्रेस क्लब में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्लब के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, संरक्षक सुधीर जैन, उपाध्यक्ष भागवत दीवान, सचिव संतोष गुप्ता तथा समस्त सदस्य उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान गाया गया और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों एवं संविधान निर्माताओं को याद करते हुए उनके योगदान को सम्मानित किया गया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने इस अवसर पर कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना को समझने और उसका पालन करने की प्रेरणा देता है। सदस्यों ने देशभक्ति के गीतों और विचार विमर्श के माध्यम से इस अवसर को यादगार बनाया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। समारोह का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा तिरंगे को सम्मान देने और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

कोरबा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, मकान से 5 युवतियां और 3 युवक गिरफ्तार, मकान मालकिन भी हिरासत में

        कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। शिकायत के आधार पर की गई छापेमारी में एक मकान से 5 युवतियां और 3 युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। मौके से मकान मालकिन सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में रहने वाली सुरती पटेल के मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। मोहल्ले वालों का आरोप है कि यहां आए दिन बाहरी युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था। स्थानीय लोगों ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि मकान मालकिन सुरती पटेल विरोध करने पर मोहल्लेवासियों से गाली-गलौज करती और उन्हें धमकी देती थी। इससे परेशान होकर वार्डवासियों ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर घर में मौजूद युवक-युवतियां भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन चारों ओर से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से हरदी बाजार निवासी ईश्वर कुमार, नील कुमार यादव, बैगिनडबार निवासी राज दास महंत, मकान मालकिन सुरती पटेल और चार युवतियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है। इधर, वार्ड नंबर 36 के पार्षद अजय गोड सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी सिविल लाइन थाना पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पार्षद ने कहा कि लंबे समय से इलाके में चल रही अवैध गतिविधियों से बच्चों और स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

वर्ष 2026 की शुरुआत में ही चोरों का आतंक, 24 जनवरी को दर्री थाना क्षेत्र में तीन स्थानों पर चोरी

✍️ भागीरथी यादव   दर्री। वर्ष 2026 की शुरुआत होते ही अपराधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। साल के पहले ही महीने में, दिनांक 24/01/2026 को दर्री थाना अंतर्गत एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएँ सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब एनटीपीसी मेन रोड जैसे व्यस्त इलाकों को भी नहीं छोड़ रहे। इसी क्रम में युवराज हेयर कटिंग सैलून में चोरी की कोशिश की गई। हालांकि सैलून मालिक की समझदारी ने बड़ी चोरी को होने से रोक लिया। सैलून मालिक रोज़ाना की तरह दुकान में रखे कीमती सामानों को पहले ही घर ले गया था, जिससे उसे भारी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन चोरों ने सैलून में लगे सेट/टीम से जुड़े उपकरणों को काट दिया, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि चोर पूरी तैयारी और औज़ारों के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मेन रोड पर इस तरह की घटनाएँ हो रही हैं, तो बस्तियों और रिहायशी इलाकों की स्थिति का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों और आम नागरिकों में डर व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने दर्री पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। वर्ष की शुरुआत में ही बढ़ते अपराध ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।  

अन्य खबरे

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा
रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी