भालू विचरण और लकड़ी तस्करी पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का हल्ला, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मनेंद्रगढ़। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले दो महीनों से भालू अपने दो शावकों के साथ लगातार विचरण कर रहा है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इस गंभीर मुद्दे पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कठोर कार्रवाई की मांग की। पार्टी के जिला एमसीबी अध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि भालू विचरण की घटनाएँ आम चर्चा का विषय बन चुकी हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। पूर्व में भालू द्वारा राजस्व विभाग के एक कर्मचारी पर हमला भी किया गया था, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वनमंडलाधिकारी मनीष कश्यप की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली से आमजन की सुरक्षा और कीमती वन संपदा दोनों खतरे में हैं। इसी बीच क्षेत्रीय वनों में कीमती वृक्षों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी का धंधा खुलेआम संचालित हो रहा है, जिस पर रोक लगाने में विभाग नाकाम साबित हो रहा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की प्रमुख मांगें: लापरवाह अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए। भालू और उसके शावकों को सुरक्षित पकड़कर उपयुक्त वन क्षेत्र में शिफ्ट किया जाए। लकड़ी तस्करी और अवैध कटाई पर विशेष निगरानी रखकर नियंत्रण किया जाए। केवल सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी और आमजन आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे।
रायपुर: कोयला घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सौम्या चौरसिया की 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने कोयला घोटाले से जुड़े एक मामले में बड़ा कदम उठाया है। विशेष न्यायालय के आदेश पर सौम्या चौरसिया की लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16 अचल संपत्तियों को अंतरिम कुर्क किया गया। सौम्या चौरसिया पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। जांच में पता चला कि उन्होंने करीब 47 करोड़ रुपये की 45 संपत्तियां अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम से खरीदी थीं। इनमें से लगभग 39 करोड़ की 29 संपत्तियां पहले ही ED द्वारा कुर्क की जा चुकी हैं। अब शेष 8 करोड़ की संपत्तियों पर भी कुर्की पूरी कर दी गई है। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जून 2025 में विशेष न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। सुनवाई के बाद 22 सितंबर को कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की पहली बड़ी कुर्की कार्रवाई है और इसे शासन के भ्रष्टाचार रोकथाम अभियान की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि भविष्य में अन्य लोकसेवकों के विरुद्ध भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ध्वजा यात्रा: उपवास के बीच पैदल भ्रमण, आदिवासी गांव में बिताई रात
भूषण प्रसाद श्रीवास, बिलासपुर- बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा प्रारंभ की गई ध्वजा यात्रा पहले ही दिन से लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हाथों में भगवा ध्वज थामे उमस भरी दोपहरी में लगातार पैदल चलते विधायक का दृश्य ग्रामीणों के लिए प्रेरणास्पद बना। यात्रा मार्ग के प्रत्येक गांव में ग्रामीण, महिलाएं और भजन मंडलियां स्वागत के लिए उमड़ पड़ीं। उपवास पर यात्रा विधायक सुशांत शुक्ला पूरे यात्रा काल में उपवास पर हैं और केवल नींबू पानी का सेवन कर रहे हैं। तपती धूप और थकान के बावजूद उनका उत्साह देखते ही बनता है। उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था भी पैदल चल रहा है, जिनके हाथों में भगवा ध्वज लहराते हुए वातावरण भक्तिमय बना रहा। रथ पर विराजमान मां महामाया यात्रा का नेतृत्व रथ पर विराजित मां महामाया के दरबार द्वारा किया जा रहा है। रथ के पीछे भक्तों का जत्था पैदल चलता है। विधायक सुशांत शुक्ला गांव के मंदिरों और माताचौरा में मत्था टेककर बुजुर्गों से आशीर्वाद लेते हुए अगले पड़ाव की ओर बढ़ते जा रहे हैं। आदिवासी अंचल में रात्रि विश्राम सोमवार की रात यात्रा जत्था आदिवासी बहुल ग्राम कोरबी पहुंचा। देवी मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और भक्ति गीतों ने वातावरण को उल्लास और श्रद्धा से भर दिया। सामूहिक भोजन के पश्चात सभी मंदिर प्रांगण में रात्रि विश्राम के लिए ठहरे। गैरराजनीतिक और सामाजिक उद्देश्य विधायक सुशांत शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा गैरराजनीतिक है। उनका उद्देश्य जाति, संप्रदाय और दलगत राजनीति से परे समाज को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने कहा, “ध्वजा यात्रा का मुख्य उद्देश्य वंचित वर्गों के जीवन में समृद्धि लाना और सुदूर ग्रामीण तथा आदिवासी अंचलों में सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है।” 171 किलोमीटर लंबी पदयात्रा ध्वजा यात्रा कुल 171 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रत्येक पड़ाव पर धार्मिक अनुष्ठान, भक्ति कार्यक्रम और सामाजिक समरसता के संदेश दिए जा रहे हैं। लोगों में उत्साह और कौतूहल ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के चेहरे पर उत्साह और श्रद्धा साफ दिखाई दे रही है। महिलाएं आरती उतारकर स्वागत कर रही हैं, जबकि बच्चे और युवा हाथों में भगवा ध्वज लिए यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं। पूरी यात्रा का वातावरण धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक रंगों से ओतप्रोत दिखाई दे रहा है।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोरबा कोरबी चोटियां से
सुशील जायसवाल भुजनकछार में गौ तस्करी का बड़ा खुलासा, गांववाले और सरपंच पति शनिच राम बने गौमाताओं के रक्षक कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत घुंचापुर के आश्रित ग्राम भुजनकछार में दिल दहला देने वाला गौ तस्करी का मामला सामने आया। तस्करों की गाड़ी (क्रमांक CG 14 MF 1374) से 75 से अधिक गायों को ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था, जिनमें से कई की मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उनका खून खौल उठा। उसी समय सरपंच पति शनिच राम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गाड़ी को रोक लिया और अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों गायों की जान बचाई। चालक मौके से भाग निकला लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे। ग्रामीणों ने बताया कि पास के जंगलों में भी करीब 75 मवेशियों को रस्सियों से बांधकर बंधक बनाया गया था, जिनमें चारा-पानी के अभाव में कई की मौत हो चुकी थी। यह देखकर हर किसी की आंखें भर आईं। सरपंच पति शनिच राम ने कहा— “गाय हमारी मां है, और मां को बचाना ही सबसे बड़ा धर्म है। यह तस्करी लंबे समय से चल रही है, लेकिन अब गांववाले चुप नहीं बैठेंगे। हमने प्रशासन को सूचना दी है और दोषियों को सख्त सजा दिलवाएंगे।” मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र कुमार पटेल ने घायल मवेशियों का इलाज शुरू किया। वहीं, कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। ग्रामीणों ने एक ट्रक को भी पकड़ा है, जिसमें करीब 33 मवेशी भरे हुए थे। गांववालों ने भी एक सुर में कहा— “गौमाताओं की कराह हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। यह हमारी जिम्मेदारी है कि उनकी रक्षा करें।” गौरतलब है कि हाल ही में हिंदुत्व हुंकार रैली में हैदराबाद के विधायक टाइगर राजा सिंह ने गौ हत्या और गौ तस्करी पर कठोर कानून बनाने की मांग उठाई थी। ऐसे में कोरबा की यह घटना शासन-प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तस्करों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएं दोबारा न हों।
✨ मानव सेवा में आगे नागवंशी युवा, जशपुर और अंबिकापुर में किया रक्तदान
ज्ञान शंकर तिवारी पाली/कोरबा। नागवंशी कल्याण युवा समिति छत्तीसगढ़ के युवा लगातार सेवा के क्षेत्र में नई मिसालें कायम कर रहे हैं। समिति से जुड़े युवाओं का उद्देश्य है— “जरूरतमंद तक रक्त पहुँचाना ही सबसे बड़ी मानव सेवा है।” इसी कड़ी में जशपुर के शंकर नागवंशी ने थैलेसीमिया से जूझ रही कु. ललिता पैंकरा को रक्तदान किया, वहीं अंबिकापुर में सागर सुकरा ने किडनी की बीमारी से पीड़ित श्री सुखनाथ नागवंशी को रक्तदान कर जीवनदान दिया। युवाओं का कहना है कि “जरूरतमंद की मदद करना ही असली ईश्वर सेवा है।” कभी समाज में हीन दृष्टि से देखे जाने वाले नागवंशी समाज के युवाओं ने आज अपने सेवा कार्यों से पहचान बदल दी है। छोटे से संगठन के रूप में शुरू हुई यह पहल आज “नागवंशी कल्याण युवा समिति” के रूप में समाज को नई दिशा दे रही है। समिति के कार्यों से न केवल नागवंशी समाज बल्कि अन्य समाज भी प्रेरणा ले रहे हैं। यही वजह है कि आज समाज के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक परिवर्तन दिखने लगा है। समिति के सदस्य कहते हैं— “हमारा प्रयास है कि यह सेवा एक नन्हा पौधा बनकर शुरू हुई थी, अब यह वटवृक्ष बने और हर जरूरतमंद को छाया, प्रेरणा और सहारा मिले।” युवा समिति ने आह्वान किया है कि हर समाज को संगठित होकर सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आना चाहिए, ताकि समाज और देश दोनों और अधिक मजबूत बन सकें।
हाथियों के आतंक से कोरबा परेशान, कांग्रेस ने उठाई आवाज
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। जिले के जंगलों से निकलकर गांवों में तबाही मचा रहे हाथियों ने ग्रामीणों की जिंदगी भय और दर्द से भर दी है। कभी खेतों में पसीने से सींची गई धान की फसल रौंद दी जाती है, तो कभी सब्जियों की बाड़ी चंद मिनटों में बर्बाद हो जाती है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लोग घरों में सुरक्षित नहीं रह गए—कभी भी हाथी दीवार तोड़कर अंदर घुस जाते हैं और सब कुछ तहस-नहस कर डालते हैं। रात ढलते ही गांवों में सन्नाटा नहीं, बल्कि दहशत का पहरा बैठ जाता है। ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग नींद छोड़कर जागरण करने को मजबूर हैं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, किसान कर्ज और नुकसान से टूट चुके हैं, और बूढ़े-बुजुर्ग असहाय होकर भगवान से ही रक्षा की प्रार्थना कर रहे हैं। इसी दर्दनाक हालात को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष नथ्थूलाल यादव ने प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की गुहार लगाई है। पत्र में साफ लिखा गया है कि कटघोरा वन मंडल के गांव—तनेरा, सरगुजा गोरैया, पेंड्रापारा, सतरेंगा, जरगढ़ूगुड़ा समेत कई इलाकों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। धान और सब्जियों की फसलें चौपट हो रही हैं, मकान ढह रहे हैं और कई परिवार जानमाल के खतरे में जी रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ने मंत्री से निवेदन किया है कि अब सिर्फ कागजी योजनाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि ग्रामीणों को इस भय और तबाही से मुक्ति मिल सके।
भूपेश बघेल का भाजपा पर कटाक्ष, ननकीराम कंवर के अल्टीमेटम पर उठाए सवाल
✍️ भागीरथी यादव रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा नेता कांग्रेस की आलोचना करते हैं, अब उनकी ही पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की स्थिति कैसी है, यह देखा जाना चाहिए। पत्र में कंवर ने कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की थी और तीन दिन में कार्रवाई न होने पर धरना देने की चेतावनी दी थी। बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले कंवर राज्यपाल और कलेक्टर के सामने खड़े थे, अब देखना होगा कि उनका अल्टीमेटम क्या परिणाम लाता है। देश की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि जीएसटी 2.0 के लागू होने के बावजूद पिछले आठ वर्षों में गलत तरीके से इसे लगाया गया, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ा। महंगाई कम होने के दावे केवल नकल जैसे भाषणों तक सीमित हैं। गौ हत्या और गौ तस्करी के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि भारत बीफ निर्यात में पहले नौवें स्थान पर था, अब दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गौ माता के नाम पर वोट लेती है, लेकिन बीफ निर्यातकों से चंदा भी लेती है। इसके अलावा, पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक पर भी चर्चा हुई। बघेल के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी बैठक में शामिल होंगे।
🌟 एनटीपीसी दुर्गा समिति दर्री का भव्य नवरात्र उत्सव 🌟
✍️ भागीरथी यादव श्रद्धा, भव्य सजावट और उत्साह का शानदार संगम कोरबा – दर्री सितंबर 2025 एनटीपीसी दुर्गा समिति दर्री में नवरात्र के समय हर साल एक अलग ही माहौल रहता है। दिनभर का दृश्य ही लोगों को मंत्रमुग्ध कर देता है। इस वर्ष भी समिति ने माँ दुर्गा की महिमा का सम्मान करते हुए पंडालों और स्थल को रंग-बिरंगी सजावट, जगमगाती रोशनी और भावपूर्ण अलंकरण से सजाया, जिससे पूरा एनटीपीसी परिसर उत्सव की ऊर्जा और श्रद्धा से जगमगा उठा। पूजा-अर्चना के दौरान समिति के सदस्य जयकारों के साथ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ उपस्थित रहे। “जय माँ दुर्गा!” के स्वर पूरे परिसर में गूँज रहे थे, जिससे माहौल और भी जीवंत और भावनात्मक बन गया। हर कोना, हर सजावट, हर रोशनी इस उत्सव की भव्यता और भावनात्मक गहराई को और बढ़ा रही थी। स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएँ: “एनटीपीसी में नवरात्र का माहौल ही अलग है, दिनभर देखते ही मोह उठता है।” “यह आयोजन पूरे गांव में भाईचारे और उत्साह की भावना को और मजबूत कर रहा है।” विशेष दृश्य: पंडालों में चमकती दीपमालाएँ और रंग-बिरंगी झंडियाँ प्रवेश द्वार पर फूलों और लाइटों से अलंकृत सजावट बच्चों और नागरिकों के उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया के दृश्य समिति के सदस्यों द्वारा जयकारों के साथ पूरे जोश और श्रद्धा से माहौल को जीवंत बनाए रखना
शत प्रतिशत ऑर्गेनिक खेती: मिलाराबाद का प्रधान परिवार किसानों के लिए प्रेरणा
महासमुंद: बसना ब्लॉक का ग्राम मिलाराबाद आज पूरे प्रदेश के किसानों के लिए जीवंत मिसाल बन गया है। यहां का प्रधान परिवार 42 एकड़ जमीन पर पूरी तरह जैविक खेती करता है और अपने मेहनत, लगन और प्यार से प्रकृति और परंपरा का सच्चा सम्मान कर रहा है। परिवार के मुखिया अंतर्यामी प्रधान कहते हैं – “हम गाय को नहीं पालते, बल्कि गाय हमें पालती है।” उनके शब्दों में गाँव की मिट्टी, गाय की सेवा और खेती के प्रति गहरी आत्मीयता झलकती है। 60 देसी गायों से बने बीजामृत, जीवामृत और ब्रह्मास्त्र ही उनकी फसल की ताकत हैं। खेती में केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी बराबरी से जिम्मेदारी निभा रही हैं। खेत की निराई-गुड़ाई, खाद और औषधियों की तैयारी में उनका हाथ परिवार की सफलता की कहानी को और भी जीवंत बनाता है। धान की कलानमक नरेंद्र 01, शाही नमक, गंगाबालू और सुपरफाइन जैसी उन्नत किस्में, गेहूं, मक्का, गन्ना, अरहर, मूंगफली, आम और नारियल — ये सारी फसलें परिवार की मेहनत और आत्मविश्वास की कहानी कहती हैं। उनके चावल को ‘श्रीमोती’ ब्रांड के नाम से देश भर में बेचा जाता है। अंतर्यामी प्रधान और उनके भाई विश्वामित्र व धनपति प्रधान भी हर एक खेत में मेहनत का संकल्प लेकर जुटे हैं। उनके प्रयास यह साबित कर रहे हैं कि जैविक खेती सिर्फ मुनाफ़ा ही नहीं देती, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और गांव की खुशहाली का रास्ता भी खोलती है। मिलाराबाद का यह परिवार हमें याद दिलाता है कि जब इंसान और प्रकृति साथ मिलकर काम करते हैं, तो केवल खेत ही नहीं, दिल भी हरा-भरा हो जाता है।
राष्ट्रीय योगा चैंपियनशिप: महासमुंद के तीन खिलाड़ी विजयवाड़ा में करेंगे प्रतिभाग
महासमुंद: 28 सितंबर से 01 अक्टूबर 2025 तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित होने जा रही 6वीं जूनियर एवं सीनियर सी राष्ट्रीय योगा चैंपियनशिप में महासमुंद जिले के तीन खिलाड़ी शामिल होंगे। इसमें भरत साहू (बागबाहरा), संदीप पटले और पूनम पटले छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। विशेष बात यह है कि संदीप पटले और पूनम पटले पति-पत्नी हैं और दोनों पहली बार एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित होकर भाग लेने वाले हैं। पिछले वर्ष पूनम पटले ने सिविल सर्विसेज नेशनल योगा चैंपियनशिप, चंडीगढ़ में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन किया था। संदीप पटले न केवल योगा खिलाड़ी हैं बल्कि राष्ट्रीय स्तर के शतरंज प्रशिक्षक और आर्बिटर भी हैं और महासमुंद में शतरंज के खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं। दोनों दंपति सीनियर सी वर्ग के सोपाईन इवेंट में हिस्सा लेंगे। जिले के खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, गणेश कोसरे, सेवन दास मानिकपुरी, योगासन भारत अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सचिव हेमंत खुटे, महासचिव विनोद राठी, आर्बिटर राकी देवांगन, अनीस अंसारी, अनिल शर्मा, और भारत स्वाभिमान न्यास पतंजलि के राज्य कार्यकारी तिलक साव और हेमलता साहू ने दंपत्ति को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
















