🔮 सभी राशियों का आज का राशिफल
✍️ भागीरथी यादव राशि मुख्य बातें / आज का फोकस सुझाव / सावधानी मेष (Aries) आज आपको अच्छे अवसर मिलेंगे, काम-धंधे में स्थिति सुधर सकती है। चर्चाएँ सफल होंगी, परिवार का सहयोग मिलेगा। कुछ मामलों में जल्दबाज़ी न करें, विशेष रूप से वित्तीय फैसलों में। वृषभ (Taurus) आर्थिक लाभ की संभावना है, पारिवारिक स्थिति में सुधार होगा और प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। खर्चों के प्रति सचेत रहें, निवेश व स्थितियों की पूरी जानकारी होने के बाद ही आगे बढ़ें। मिथुन (Gemini) काम-कारोबार में लाभ होगा, बोलचाल से समझ बढ़ेगी, घर और संबंधों में सौहार्द। नए संपर्क आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं। बोलने से पहले सोचें, वादविवाद से बचें। कानूनी व वित्तीय मामलों में दस्तावेज देखें। कर्क (Cancer) आज आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी, भौतिक सुख में इज़ाफ़ा होगा, नए अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, अस्वास्थ्यकर खानपान से बचें। परिवार में किसी बात पर बहस हो सकती है, नियंत्रण रखें। सिंह (Leo) सामाजिक जीवन में वृद्धि होगी, नए रिश्ते बनेंगे, काम में जोश रहेगा। आप नेतृत्व की भूमिका में आ सकते हैं। अहंकार या दिखावे से बचें; मित्रों व सहयोगियों के विचार सुनें। कन्या (Virgo) स्वास्थ्य में सुधार, कार्य-क्षमता बढ़ेगी, परिवार में सौहार्द बनी रहेगी। योजनाएँ सफल होंगी। ज़्यादा तनाव न लें, समय पर आराम करें। छोटे-छोटे कामों में चूक से बचें। तुला (Libra) सामाजिक प्रतिष्ठा में इज़ाफा, पारिवारिक सहयोग अच्छा रहेगा, अधूरे काम पूरे हो सकते हैं। नए अनुबंधों या साझेदारी समझौतों को अच्छे से जाँच-परख कर लें। भावनात्मक संतुलन बनाए रखें। वृश्चिक (Scorpio) आज नए संबंधों की संभावना है, सम्मान मिल सकता है, काम-कारोबार में सुधार होगा। लोगों पर जल्दी भरोसा न करें; विरोधी ताकतों से सतर्क रहें। धनु (Sagittarius) समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा, आध्यात्मिकता की ओर झुकाव होगा, जमीन-सम्पत्ति का लाभ संभव है। धैर्य रखें, बड़े निवेश या बड़े निर्णय सोच-समझ कर ही लें। मकर (Capricorn) अधूरे काम पूरे होंगे, कुछ लाभ होंगे; परिवार या घरेलू मामलों में संतुलन बनेगा। झूठी उम्मीदों से बचें; स्वास्थ्य को हल्के चेकअप से अनदेखा न करें। कुंभ (Aquarius) निवेश या व्यापार में लाभ की संभावना, सामाजिक संबंध मजबूत होंगे, पुराने प्रोजेक्ट्स में सफलता मिल सकती है। किसी तरह के विवाद या बहस से बचें; काम और निजी जीवन में संतुलन बनाए रखें। मीन (Pisces) साझेदारी और टीम वर्क से लाभ होगा, आपसी सहयोग मजबूत होगा, रिश्तों में मधुरता आएगी। आत्म-विश्वास बनाए रखें लेकिन ज़रूरत से ज़्यादा दबाव न बना लें। किसी नए और अनजान व्यक्ति पर पूर्ण भरोसा न करें।
उद्यमिता से सशक्त होगा भारत, 2030 तक 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य : अरुणा दीक्षित
भूषण प्रसाद श्रीवास, बिलासपुर। स्वदेशी जागरण मंच बिलासपुर इकाई ने युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने के उद्देश्य से ‘स्वालंबी भारत अभियान’ के तहत सेमिनार श्रृंखला की शुरुआत की है। इस पहल के अंतर्गत मंच के सदस्य शहर और आसपास के स्कूलों-कॉलेजों में जाकर छात्रों से संवाद कर उन्हें स्वरोजगार और नवाचार की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं। पं. रामदुलारे स्कूल सरकंडा, सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय हायर सेकेंडरी बिरकोना, नलिनी प्रभा हायर सेकेंडरी स्कूल अशोक नगर और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उस्लापुर में आयोजित सेमिनारों में छात्रों को उद्यमिता व आत्मनिर्भरता का महत्व बताया गया। महिला विंग की सम्भागीय प्रमुख श्रीमती अरुणा दीक्षित ने अपने उद्बोधन में कहा कि सौ प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराना किसी भी सरकार के लिए संभव नहीं है। “जिन देशों ने उद्यमिता और लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया है, वही आज विश्व की आर्थिक महाशक्ति बने हैं। चीन और जापान इसके उदाहरण हैं। यदि भारत के युवाओं को सही मार्गदर्शन व अवसर मिले, तो देश 2030 तक 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है,” उन्होंने कहा। उन्होंने जोर दिया कि स्वालंबी भारत अभियान केवल आर्थिक पहल नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। इसका उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। कार्यक्रम में मंच पदाधिकारी रमेश प्रधान, सुशांत द्विवेदी, डी.के. राय, किरण सिंह, सुमन द्विवेदी, अवनीश त्रिपाठी और सतीश यादव उपस्थित रहे। वहीं विद्यालयों से प्राचार्य प्रमिला खाका, संतोष सूर्यवंशी और कृष्ण कुमार पाण्डे ने इस अभियान की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को नई दिशा और सोच प्रदान करते हैं। छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और उद्यमिता से जुड़े सवाल पूछे। आयोजकों ने व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, वित्तीय सहयोग के विकल्प और सफल उद्यमियों के उदाहरण साझा किए। स्वदेशी जागरण मंच का कहना है कि आने वाले समय में यह अभियान और विस्तार लेगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। मंच का विश्वास है कि यदि युवा पीढ़ी आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेती है, तो विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा।
चोटिया मंडल में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला संपन्न
सुशील जायसवाल, कोरबी चोटिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान और जिला संगठन के निर्देशानुसार, कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम चोटिया में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ऋषि प्रजापति ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। वक्ता रवि मरकाम ने संबोधित करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जयंती से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक विविध कार्यक्रम बूथ स्तर पर आयोजित होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस हेतु जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य पवन पोया, पूर्व जनपद सदस्य बिरेंद्र मरकाम सहित अन्य नेताओं ने भी विचार रखे। कार्यशाला में मुख्य रूप से चोटिया सरपंच एवं मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती पियारो बाई बिंझवार, पंच रोतिया, बिशाल सिदार (महामंत्री), नेहा बिंझवार, बिजय कुर्रे, विवेक तंवर, मन्नू खान, मंतराम, गोरे साहू, वेदप्रताप, सुशील, कमलेश्वर, मिस्त्री लाल, विनोद साहू, शांति बाई, गणेश सहित मंडल के सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा मंडल पाली में सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का हुआ आयोजन
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट पाली। भारतीय जनता पार्टी मंडल पाली द्वारा महामाया मंदिर परिसर में आज सेवा पखवाड़ा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल प्रभारी एवं जिले की मंत्री श्रीमती कमला बरेठ ने सभी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी और बूथ स्तर तक इन कार्यक्रमों को नियोजित रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी गोपाल साहू, जिला पंचायत सभापति माया रूपेश कँवर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, महामंत्री कामता जायसवाल, कार्यक्रम संयोजक कीर्ति कश्यप, सह संयोजक हरीश चावड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा रूपविलास गोस्वामी, आशीष अग्रवाल, मालती डिक्सेना, घनश्याम पटेल, दीपक शर्मा, ज्ञान सिंह राजपाल, राम विलास जायसवाल, कमला बाई, ज्योति उइके, दीप्ति शर्मा, दिलेशर मरकाम, विशाल मोटवानी, रामफल पटेल, श्रीकांत सोनकर, संजय छाबड़ा, प्रकाश दुबे, दीपक डिक्सेना, जनपद सदस्य अंशुल पैकरा, संतोष कश्यप समेत सभी बूथ अध्यक्ष एवं मंडल अंतर्गत कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ
सुकमा, 10 सितम्बर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ किया। यह योजना प्रदेश की बालिकाओं के लिए शिक्षा एवं सशक्तिकरण का नया अध्याय साबित होगी। योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों से नियमित 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को देश के किसी भी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान में अध्ययन हेतु वार्षिक ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे आर्थिक कारणों से पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर होने वाली बेटियों को नई दिशा मिलेगी। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को और मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल एक योजना नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता व समाजिक परिवर्तन की नींव है।
सेवा पखवाड़ा को लेकर भाजपा मंडल भिलाई बाजार में कार्यशाला आयोजित
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट पाली। भाजपा जिला संगठन के निर्देशानुसार 17 जुलाई से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत आज दिनांक 13 सितंबर 2025 को भाजपा मंडल भिलाई बाजार में मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कार्यक्रम प्रभारी चुलेश्वर राठौर, मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर, आरएसएस से जुड़े लोकेश साहू, श्यामजी, मंडल महामंत्री प्रताप कंवर, मणिशंकरजी, रथलाल पाटले, राजेन्द्र राजपूत, मंडल उपाध्यक्ष हुलेश राठौर, कार्यक्रम संयोजक अशोक राजवाड़े व ललित राजवाड़े प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिलाकार्यसमिति सदस्य (भाजयुमो) कृष्णानंद राठौर, मनहरण राठौर, शंकर यादव, छत्रपाल सिंह, कृपा सिंधु, दीपक यादव, गंगारामजी, शैलेन्द्र राठौर, गेंदरामजी, सचिन राठौर, मनाराम, विजय राठौर, लक्ष्मीनारायण, तेरस यादव, कृष्णकुमार पोर्ते, संटलाल यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामजन मौजूद रहे। कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत होने वाले विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
वनांचल की जलेशिया 3 माह से बिना मानदेय आंगनबाड़ी केंद्र चला रही
सुशील जायसवाल राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार के साथ हो रहा अन्याय, विभाग की अनदेखी पर ग्रामीणों में आक्रोश कोरबी/चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के दुरस्थ वनांचल ग्राम पंचायत अडसरा के पंडों बस्ती केंदई की रहने वाली जलेशिया पंडों, पत्नी बाबूलाल पंडों, बीते तीन महीनों से बिना मानदेय के मिनी आंगनबाड़ी केंद्र चला रही हैं। जलेशिया राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार से आती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो नियुक्ति पत्र मिला है और न ही विभागीय सामग्री। वे अपने टूटे-फूटे कच्चे मकान में 20 नन्हे-मुन्नों को नाश्ता, भोजन बनाकर परोसती हैं और उन्हें पढ़ाती भी हैं। इतना ही नहीं, वे बच्चों को अपने घर से बुलाकर केंद्र तक लाती हैं और शाम को वापस घर तक छोड़कर जाती हैं। उनका कहना है कि विभाग ने अब तक गैस, चूल्हा, बर्तन, स्टेशनरी या खेलकूद की सामग्री उपलब्ध नहीं कराई है। बच्चों के लिए व्यवस्था न होने पर वे अपने घर के बर्तन और जंगल से लाकर लकड़ी का उपयोग करती हैं। जलेशिया की 10वीं तक की शिक्षा है और वर्षों से गांव में आंगनबाड़ी केंद्र की मांग करती रही थीं। विभाग ने उन्हें मौखिक रूप से केंद्र संचालन की जिम्मेदारी तो दे दी, लेकिन आज तक मानदेय नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह राष्ट्रपति दत्तक पुत्र परिवार के साथ घोर अन्याय है। न तो महिला एवं बाल विकास विभाग ने ध्यान दिया है और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने अब तक उनकी पीड़ा समझने की कोशिश की है। गौरतलब है कि अडसरा पंचायत से करीब 500 मीटर की दूरी पर एसईसीएल की रानी अटारी और विजय वेस्ट खदानें संचालित हैं, जिनसे शासन को करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद पंडों बस्ती जैसे वंचित परिवारों को कोई सुविधा नहीं दी गई। जलेशिया आर्थिक तंगी से जूझते हुए भी बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए नि:शुल्क सेवा कर रही हैं। अब देखना यह है कि सरकार और विभाग इस पीड़ा को कब गंभीरता से लेकर न्याय दिलाते हैं।
विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने किया विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन
सुशील जायसवाल ग्राम पंचायतों में पीडीएस भवन, सीसी रोड, सामुदायिक भवन और चबूतरा निर्माण की शुरुआत कोरबी/चोटिया। तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में शुक्रवार, 12 सितंबर को अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सुतरा में पीडीएस भवन एवं सीसी रोड, ग्राम पंचायत रामपुर (त) में सामुदायिक भवन, ग्राम पंचायत पोंडी उपरोड़ा में धान खरीदी केंद्र में चबूतरा, आंगनबाड़ी केंद्र भवन डभरीपारा, पनिका समाज सामुदायिक भवन तथा ग्राम पंचायत मड़ई में सांस्कृतिक मंच निर्माण की नींव रखी। इसके साथ ही विधायक ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक इकाई पोड़ी उपरोड़ा कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कोरबा अध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम, गणेश मरपच्ची, सुरेश कुमार पोर्ते, रफीक अहमद, रामेश्वर सिंह उरे, ललित कुमार उईके, चैन सिंह नेटी, सहेतर सिंह राज सरपंच, जगत नेताम, पदुम सिंह उईके, वेद प्रताप कोराम (जनपद सदस्य पाली), दिनेश केराम, भुनेश्वर टेकाम (जनपद सदस्य पाली), राजेश मरावी, छोटू खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पंच-सरपंच, सचिव और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत बसीबार में हैजा प्रकोप पर काबू, स्थिति सामान्य
ग्राम पंचायत बसीबार में फैले हैजा प्रकोप पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की प्रभावी कार्रवाई से अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का कैंप अभी भी संचालित है, हालांकि अब कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर मरीजों के उपचार, दवाइयों एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और अन्य जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए। इन प्रयासों से बीमारी पर नियंत्रण पाया गया और ग्रामीणों की सेहत सुरक्षित रही। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क बने हुए हैं तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। इस कठिन परिस्थिति में आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों ने भी हर संभव सहयोग दिया।
सरकारी भूमि पर बने साईं मंदिर को राजसात करने का आदेश
तहसीलदार ने आपत्ति आवेदन खारिज, अब शासन के अधीन होगा मंदिर एमसीबी/ मनेंद्रगढ़। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय नजूल भूमि पर बने वादग्रस्त साईं मंदिर एवं गणेश-अंबिका-चित्रगुप्त धाम मंदिर को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। स्वामित्व का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर तहसीलदार श्रुति धुर्वे ने मंदिर को राजसात करने का आदेश पारित किया। आदेश के बाद मंदिर अब शासन के अधीन होगा और प्रशासन वहां ताला लगाएगा। राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट मंदिर का निर्माण नजूल खसरा क्रमांक 13/38 की भूमि पर किया गया है। कुल भूमि क्षेत्रफल : 1,51,819 वर्गफुट मंदिर पर निर्मित भूमि : 4,004.50 वर्गफुट वर्ष 2025-26 के नजूल संधारण अभिलेखों में भूमि शासकीय दर्ज। सुनवाई और आदेश अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने आपत्ति आवेदन देकर कहा था कि मंदिर आस्था का केंद्र है, इसलिए 220 बिस्तरों वाले नए सिविल अस्पताल के विस्तार में मंदिर को क्षति न पहुंचे। हालांकि, 13 अगस्त 2025 को सुनवाई के दौरान स्वामित्व संबंधी कोई प्रमाण प्रस्तुत न होने पर तहसीलदार ने आवेदन अस्वीकार कर दिया और आदेश में लिखा कि अस्पताल विस्तार जनहित में आवश्यक है। महासभा करेगी अपील महासभा के संरक्षक बीरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वे इस आदेश के विरुद्ध अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय में अपील करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय की शरण भी लेंगे।
















