🪔 आज का राशिफल – 12 सितम्बर 2025, शुक्रवार 🪔

भागीरथी यादव मेष ♈ आज का दिन ऊर्जा से भरा रहेगा। नए कार्यों में सफलता मिलेगी। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।   वृषभ ♉ धैर्य बनाए रखें। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। कामकाज में थोड़ी रुकावट आ सकती है लेकिन शाम तक स्थिति सामान्य हो जाएगी।   मिथुन ♊ आज यात्रा के योग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई में मन लगाना होगा। परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद संभव है, संयम से काम लें।   कर्क ♋ व्यापार में लाभ मिलेगा। घर में खुशी का माहौल रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।   सिंह ♌ नए अवसर सामने आएंगे। आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। किसी बड़े निर्णय में परिजनों की सलाह लें। खर्चों पर नियंत्रण जरूरी है।   कन्या ♍ आज आपका ध्यान कार्यों में अधिक रहेगा। जिम्मेदारियाँ बढ़ सकती हैं। जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा।   तुला ♎ धन लाभ के योग हैं। किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। नए रिश्ते जुड़ेंगे। मानसिक शांति मिलेगी।   वृश्चिक ♏ आज का दिन मेहनत भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सतर्क रहें। किसी से वाद-विवाद न करें। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है।   धनु ♐ धार्मिक कार्यों में मन लगेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा। भाग्य आपका साथ देगा। निवेश के लिए अच्छा समय है।   मकर ♑ आज कोई पुराना विवाद सुलझ सकता है। करियर में प्रगति होगी। धन का आगमन होगा। माता-पिता का आशीर्वाद मिलेगा।   कुंभ ♒ आज यात्रा सुखद रहेगी। नए लोगों से मुलाकात फायदेमंद होगी। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। मानसिक शांति बनी रहेगी।   मीन ♓ आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। किसी मित्र की मदद से लाभ मिलेगा। पढ़ाई और करियर में सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।   👉 कुल मिलाकर 12 सितम्बर 2025 का दिन सकारात्मक और शुभ परिणाम देने वाला है।

बिग ब्रेकिंग : मारा गया खूंखार नक्सली लीडर बालकृष्ण

    10 माओवादियों का एनकाउंटर, 1 करोड़ का था इनाम   गरियाबंद। जिले में जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें टाॅप नक्सली लीडर व 1 करोड़ का इनामी मोडेल बालकृष्ण भी शामिल है। गरियाबंद पुलिस ने मुठभेड़ की पुष्टी की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ खत्म हो चुकी है। मौके से कई ऑटोमेटिक वेपंस समेत अन्य हथियार बरामद किये गये है। जवानों के द्वारा सर्चिंग अभियान जारी है। दरअसल, गरियाबंद जिले की पुलिस को मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। इस जानकारी के बाद एसटीएफ, कोबरा कटालियन और राज्य पुलिस के जवान अभियान पर निकले थे। जवानों को देखकर जंगल में छुपे माओवादियों ने अंधाधूंद फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से चली गोलीबारी में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। मुठभेड़ में 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मृत माओवादियों में मोडेम बालकृष्ण शामिल है। जंगल में नक्सलियों के शव पड़े हुये है। जवानों ने कई आॅटोमैटिक वेपंस बरामद किया है। समाचार लिखे जाने तक सर्च अभियान जारी है। फिलहाल, जंगल में सर्च अभियान जारी है। सर्चिंग के बाद मुठभेड़ की जानकारी गरियाबंद पुलिस के द्वारा दी जाएगी।  

बलौदाबाजार : खैरी में आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, बड़ी मात्रा में महुआ शराब जब्त

बलौदाबाजार। पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरी में शनिवार को आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान खैरी निवासी नरेश कुमार घृतलहरे, मनीष घृतलहरे, रूस्तम घृतलहरे, विजय रात्रा एवं हीरालाल रात्रा के कब्जे से 170 बल्क लीटर महुआ शराब तथा 800 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।   जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 34 हजार रुपए तथा लाहन की कीमत 48 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है।   इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हेमंत पटेल के नेतृत्व में थाना स्टाफ सहित सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव एवं मनराखन नेताम सक्रिय रूप से शामिल रहे।

बसना विधानसभा को मिली 11.09 करोड़ की सड़क सौगात

  विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयास से पिथौरा–भीखापाली सड़क निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी   बसना। विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की राह और तेज हो गई है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सतत प्रयासों से पिथौरा से भीखापाली, रामपुर व थरगांव को जोड़ने वाली 8.60 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पुलिया निर्माण हेतु 11.09 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।   डॉ. अग्रवाल ने इस उपलब्धि को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल आवागमन को सरल बनाएगी बल्कि व्यापार, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।   उन्होंने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र की पुरानी मांग थी जिसे सरकार ने गंभीरता से लेकर बजट में शामिल किया और अब इसकी मंजूरी प्रदान की गई है। विधायक ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।     —

अवैध शराब विक्रेता को हुई जेल

कोरिया। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में लगातार गश्त और दबिश अभियान चलाया जा रहा है।   10 सितंबर को सहायक आबकारी अधिकारी सपना सिन्हा एवं उनकी टीम ने पटना थाना क्षेत्र के सरभोका गांव में छापामारी की। लल्लू राम के घर से 8 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की अवैध शराब बिक्री की पुष्टि हुई। उसे गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया तथा न्यायालय में पेश किया गया। न्यायाधीश ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।   इसके अलावा पोड़ी बचरा क्षेत्र के ग्राम गेजी के पन्ना लाल, पटना क्षेत्र के ग्राम डुमरिया के केदारराम बरगाह, पुटा के राजू तेली, महोरा के सुरेंद्र कुमार कसरा और देवानंद सहित विफइया क्षेत्र के अन्य लोगों पर भी अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।   इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक बबुआ राम, किशुन राम, आरक्षक नरेन्द्र, हेमंत राजवाड़े और नगर सैनिक रूमा की सराहनीय भूमिका रही।   उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शराब दुकानों में उपलब्ध सभी देशी-विदेशी मदिरा ब्रांड और उनकी दरों की जानकारी “मनपसंद” मोबाइल ऐप से प्राप्त की जा सकती है। इस ऐप के माध्यम से अवैध शराब की सूचना भी दी जा सकती है।

छत्तीसगढ प्रांत के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया आश्विन (क्वांर) मास में कैसा रहे खान-पान कैसी रहे दिनचर्या ।

लोक सदन आश्विन (क्वांर) में करेले का न करें सेवन- डॉ.नागेन्द्र शर्मा।   आश्विन (क्वांर) मास में गुड़ का सेवन हितकारी- डॉ.नागेन्द्र शर्मा।   छत्तीसगढ़ – हिंदी मासानुसार आश्विन (क्वांर) माह का आरंभ 8 सितंबर 2025 सोमवार से हो गया है। जो 7 अक्टूबर 2025 मंगलवार तक रहेगा। आयुर्वेद अनुसार प्रत्येक माह में विशेष तरह के खान-पान का वर्णन किया गया है जिसे अपनाकर हम स्वस्थ रह सकते हैं। इसी विषय पर छत्तीसगढ़ प्रांत के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक नाड़ी वैद्य डॉ.नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया की भारतीय परंपरा में ऋतुचर्या यानी ऋतुनुसार आहार-विहार करने की परंपरा रही है। यह संस्कार हमें विरासत में मिला है। अभी आश्विन (क्वांर) मास का प्रारंभ 8 सितंबर 2025 सोमवार से हो गया है। जो 7 अक्टूबर 2025 मंगलवार तक रहेगा। इस अंतराल में हमें अपने आहार-विहार पर विशेष ध्यान देना चाहिये। आश्विन (क्वांर) मास में बादल छट जाने से आसमान साफ एवं सूर्य चमकदार हो जाता है।जिसके कारण आयुर्वेदानुसार पित्त दोष का प्रकोप होता है। जिससे पित्त जनित रोग एवं त्वचा संबंधी रोग होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में हमे पित्त शामक खाद्य पदार्थों एवं मधुर तथा तिक्त रस वाले, हल्के और ठंडे गुणों से युक्त आहार का सेवन करना चाहिये। पित्त वर्धक खाद्य पदार्थों एवं कड़वे, कसैले रस युक्त आहार से परहेज करना चाहिये। इस माह में करेले का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिये इससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इस माह में गुड़ का सेवन करना हितकारी होगा। हमारे छत्तीसगढ़ में लोकोक्ति भी हैं की “क्वांर करेला कार्तिक महि” “मरही नही त परही सही” अर्थात- क्वांर (आश्विन) मास में करेला खाने वाला, तथा कार्तिक मास में महि (छाछ) का सेवन करना वाला मरेगा नहीं तो बीमार अवश्य पड़ेगा।   आहार- क्या खाना चाहिये- विशेष रूप से गुड़, अनाजों में जौ, ज्वार, चांवल, दालों में’ मूंग, मोंठ, तुअर, मसूर, चना दाल, मौसमी फल – मौसंबी, अन्नान्नास, बरसाती तरबूज, सफेद अनार, सीताफल नारियल आदि। सब्जियों में- परवल, तरोई, लौकी, कद्दू, लौकी, पुदीना, चौलाई आदि साथ ही मसालों में काली मिर्च, हल्दी, जीरा, सूखा धनिया, मीठा नीम, हल्दी, इलायची तथा पतली दालचीनी का सेवन करना चाहिये।   क्या नहीं खाना चाहिये- विशेष रूप से करेला, अनाज में बाजरा, गेंहू, दालों में उड़द एवं कुलथी दाल, सब्जियों में ककड़ी, बैंगन, गाजर, मूली, फूल गोभी, पत्ता गोभी, पालक, चुकंदर ,अदरक साथ ही फलो में शकरकंद, पपीता तथा ज्यादा तेल मिर्च मसाले वाले, देर से पचने वाले भारी भोजन एवं बासी भोजन का सेवन कम से कम ही करना चाहिए।   जीवनशैली- इस माह में सूर्य के प्रकाश में रहने, धूप में घूमने, दिन में शयन करने एवं अधिक भोजन (ओवर ईटिंग) से बचाव करना चाहिये। शरीर को ढक कर रखना चाहिये। हल्के गुनगुने पानी से स्नान करना चाहिये।

कोरबा जिला : पितृ पक्ष पर श्रद्धालुओं ने किया पूर्वजों का तर्पण

प्रतिनिधि : भागीरथी यादव   कोरबा। हिन्दू पंचांग के अनुसार पितृ पक्ष की शुरुआत कोरबा जिले में श्रद्धा और आस्था के साथ हुई। जिले के विभिन्न घाटों और सरोवरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अपने पितरों के लिए तर्पण, श्राद्ध एवं पिंडदान कर आशीर्वाद की कामना की।   स्थानीय पुजारियों ने बताया कि पितृ पक्ष में तर्पण और श्राद्ध करने से न केवल पितरों की आत्मा को शांति मिलती है बल्कि यह परिवार के लिए सुख-समृद्धि और कल्याणकारी भी माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने व्रत, दान और भोजन के पारंपरिक अनुष्ठानों का पालन किया।   कोरबा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालु परिवारजन अपने-अपने पूर्वजों को स्मरण कर विधिवत श्राद्ध कर्म कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह का एक दिवसीय दौरा संपन्न

लोक सदन   कोरबी-चोटिया: जिले के सुदूर वनांचल एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले कोरबी-चोटिया (जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11) के नवनिर्वाचित सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने 10 सितंबर (बुधवार) को अपने क्षेत्र का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम कोरबी स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पाया कि कक्षा 1 से 10 तक केवल तीन शिक्षक कार्यरत हैं। स्टाफ की भारी कमी, सफाई कर्मचारी का अभाव और गंदगी से विद्यालय की स्थिति अत्यंत दयनीय दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भवन की जर्जर स्थिति सामने आई। ऊपर का प्लास्टर गिरने से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। वहीं पुलिस चौकी में भी स्टाफ रूम की समस्या और बल की कमी पाई गई।   विद्वान सिंह ने कोरबी जैसे प्रमुख केंद्र में पीएम के लिए डॉक्टर की नियुक्ति और चीरा बंगला (मॉर्ट्यूरी) की मांग भी की।   उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर हालत को देखते हुए नए भवन निर्माण की मांग आगामी जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में उठाई जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से रखा जाएगा।

गांव की नाबालिग बेटी चार माह से लापता, बेबस पिता ने पुलिस की लापरवाही पर जताया आक्रोश

  लोक सदन भागीरथी यादव बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी मनहरण लाल खरे ने अपनी नाबालिग पुत्री की बरामदगी को लेकर जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि बेटी के अपहरण को चार माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की ढिलाई और निष्क्रियता के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।   नाबालिग बेटी 6 मई से लापता   मनहरण लाल खरे ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री दीपाली खरे, जो कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर चुकी है, 6 मई 2025 को दोपहर लगभग दो बजे अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।   अगले दिन गांव के ही राजाराम गढ़ेवाल ने जानकारी दी कि उसका बेटा नंदूकुमार गढ़ेवाल (21 वर्ष) दीपाली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।   पिता का आरोप – पुलिस ने एफआईआर में दर्ज किया अज्ञात आरोपी   पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने एफआईआर में अज्ञात आरोपी दर्ज कर केवल खानापूर्ति कर दी। परिवार का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।   मनहरण लाल खरे ने बताया कि उन्होंने 30 मई और 13 जून को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को भी आवेदन दिया, लेकिन पुलिस ने बेटी की तलाश तेज करने के बजाय मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया। उनका यह भी आरोप है कि थाना स्तर पर अधिकारी परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।   परिवार सदमे में, ग्रामीणों ने भी उठाए सवाल   चार माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बेटी की कोई खबर न मिलने से परिवार गहरे सदमे में है। पिता का कहना है कि अब उन्हें अपनी बेटी की जान को गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।   गांव के लोग भी इस घटना से आक्रोशित हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई की जाती तो बच्ची को अब तक वापस लाया जा सकता था।   कलेक्टर से न्याय की उम्मीद   अब पूरे गांव और पीड़ित परिवार की उम्मीदें जिला कलेक्टर से जुड़ी हैं। पिता ने लिखित आवेदन सौंपकर प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए और आरोपी युवक पर सख्त कार्रवाई की जाए।

सदर बाजार में ज्वेलरी दुकान से 1.86 लाख की ठगी, रायपुर में गिरफ्तार हुई शातिर महिला ठग◦

लोक सदन भागीरथी यादव बिलासपुर। शहर के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स में शनिवार दोपहर एक महिला ने 1.86 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर पहुंची महिला ने नकली ब्रेसलेट देकर असली का असली सोने का ब्रेसलेट बदल लिया और फरार हो गई।   दुकान के सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, महिला ने संचालक अजय कुमार शाह (62) से ब्रेसलेट बदलने की मांग की और मौका पाकर 15 ग्राम वजन का 23 कैरेट का ब्रेसलेट लेकर निकल गई। बाद में जांच करने पर सामने आया कि महिला का लाया हुआ ब्रेसलेट नकली था।   व्यापारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फुटेज खंगालने पर सामने आया कि महिला पेशेवर ठग है और पहले भी इसी तरह की वारदात कर चुकी है।   इसी बीच रायपुर क्राइम ब्रांच ने भी महिला को पहचानकर गिरफ्तार कर लिया। महिला पर रायपुर में भी ठगी का मामला दर्ज है। अब बिलासपुर पुलिस उसे रिमांड पर लाकर आगे पूछताछ करेगी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़ी हो सकती है।   वर्जन – “रायपुर क्राइम ब्रांच ने महिला ठग को गिरफ्तार किया है। अब उसे रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।” — गगन कुमार, प्रशिक्षु आईपीएस व सीएसपी कोतवाली

अन्य खबरे

वन विभाग में निर्माण कार्यों पर उठे सवाल, अनियमितता के आरोपों से मचा हड़कंप
दीपका-पाली मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत
छेड़छाड़ के आरोपी को सीपत पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कटघोरा क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टरों पर सख्ती, ड्राइवरों के लाइसेंस जांच के निर्देश
ब्रेकिंग न्यूज अज्ञात हमलावर के वार से 80 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल, गांव में दहशत
बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू